बांग्लादेश के नए PM तारिक रहमान का 180 दिनों वाला 'सुपर प्लान' लॉन्च; इन 4 बातों पर रहेगा जोर

Tarique Rahman: बांग्लादेश के नए PM तारिक रहमान ने 180 दिनों का 'एक्शन प्लान' जारी कर सिस्टम सुधारने की तैयारी कर ली है. कानून-व्यवस्था, महंगाई कंट्रोल और बिजली-पानी की समस्या दूर करना उनकी टॉप प्रायोरिटी है. करप्शन और सिंडिकेट पर लगाम कसने के साथ ही सरकार ने 'बांग्लादेश फर्स्ट' की नई विदेश नीति का भी ऐलान कर दिया है.

Tarique Rahman: बांग्लादेश की कमान संभालते ही नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान एक्शन मोड में आ गए हैं. मंगलवार को शपथ लेने के बाद, उन्होंने देश के सामने अगले 180 दिनों का ‘प्रायोरिटी प्लान’ रखा है. आमतौर पर नई सरकारें 100 दिनों का एजेंडा लाती हैं, लेकिन रहमान ने इसे बढ़ाकर 180 दिन कर दिया है, ताकि बदलाव साफ नजर आए.

इन 4 बातों पर रहेगा पूरा जोर

प्रधानमंत्री तारिक रहमान के अनुसार, उनकी सरकार का फोकस इन चार मुख्य पॉइंट्स पर रहेगा:

  • कानून व्यवस्था: देश में सुरक्षा के माहौल को बेहतर बनाना.
  • महंगाई पर लगाम: रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम कंट्रोल करना.
  • बिजली-पानी की टेंशन खत्म: बिना रुकावट बिजली और गैस की सप्लाई सुनिश्चित करना ताकि रहन-सहन का खर्च कम हो सके.
  • बेहतर ट्रांसपोर्ट: पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खासकर रेलवे को पूरी तरह सुधारना ताकि लोगों का आना-जाना आसान हो.

भ्रष्टाचार और सिंडिकेट को चेतावनी

बुधवार देर रात देश को संबोधित करते हुए रहमान ने साफ कहा कि अपराध खत्म करना और भ्रष्टाचार पर सख्ती करना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि हर मंत्रालय अपना अलग प्लान बनाए और उसे 180 दिनों में लागू करे. रमजान का जिक्र करते हुए उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी दी कि सामान के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर न जाएं. उन्होंने दो-टूक कहा कि उनकी सरकार हर तरह के गलत काम और सिंडिकेट को खत्म करके ही दम लेगी.

‘मॉब लिंचिंग’ और हिंसा पर फुल स्टॉप

सरकार के गृह मंत्री सलाउद्दीन अहमद ने पत्रकारों से बात करते हुए साफ कर दिया है कि बांग्लादेश में अब ‘मॉब वायलेंस’ यानी भीड़ द्वारा की जाने वाली हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उनके अनुसार, देश में अब शांति है और ड्रग्स कंट्रोल करने के साथ-साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.

नई विदेश नीति: ‘बांग्लादेश फर्स्ट’

भले ही पीएम ने विदेश नीति पर सीधे कुछ न कहा हो, लेकिन विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने सरकार का रुख साफ कर दिया है. उन्होंने बताया कि नई सरकार ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ की पॉलिसी पर चलेगी. इसका मतलब है कि सबसे पहले बांग्लादेश का फायदा देखा जाएगा और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की तरह सभी देशों के साथ दोस्ती वाले रिश्ते बनाए जाएंगे.

सबके लिए सुरक्षित देश बनाने का वादा

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि चाहे कोई हिंदू हो, मुस्लिम हो, बौद्ध हो या ईसाई, चाहे वो पहाड़ों में रहता हो या मैदानों में यह देश सबका है. उन्होंने वादा किया कि वो बांग्लादेश को हर नागरिक के लिए एक सुरक्षित जगह बनाएंगे.

ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर दबोचा गया बांग्लादेशी छात्र, हिंदू पुलिस अफसर का हत्यारा था

ये भी पढ़ें: पत्नी की हड्डी टूटने पर ही मिलेगी पति को सजा, तालिबान ने जारी किया खौफनाक कानून

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >