Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास स्थित याहोदीन रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा ड्रोन हमला किया. यह हमला उस समय हुआ जब ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट और यूरोपीय संघ (EU) के कई वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकारों को ले जा रही राजनयिक ट्रेन स्टेशन से गुजरी ही थी.
यूक्रेन की सरकारी रेल कंपनी के अनुसार, यह सभी विदेशी अधिकारी कीव में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेकर लौट रहे थे.
स्वीडन के पूर्व PM ने शेयर किया वीडियो
स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर याहोदीन-दोरुहुस्क सीमा चौकी के पास हुए इस ड्रोन हमले का एक वीडियो साझा किया है. हमले के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.
समय से पहले निकली ट्रेन, टला बड़ा हादसा
यूक्रेनी रेल संचालक ने 'टेलीग्राम' पर बयान जारी कर बताया कि राजनयिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी विशेष ट्रेन को याहोदीन स्टेशन से निर्धारित समय से थोड़ा पहले ही रवाना कर दिया गया था. रेल प्रशासन का अनुमान है कि रूसी ड्रोन का असली निशाना यही राजनयिक ट्रेन थी, लेकिन समय से पहले निकलने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया.
स्टेशन पर ही फंसी थी CIA के पूर्व निदेशक की ट्रेन
हमले के वक्त एक और अहम ट्रेन याहोदीन स्टेशन पर ही मौजूद थी, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस सवार थे. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी भी ट्रेन या यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है.
ये भी पढ़ें: VIDEO : समुद्र की लहरों में गायब हुआ 243 लोगों से भरा यात्री जहाज! सामने आया खौफनाक मंजर
