Russia Ukraine War : डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की होगी मुलाकात, टेंशन में यूक्रेन

Russia-Ukraine war : अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रूस-यूक्रेन युद्ध पर बयान आया था. इसके बाद क्रेमलिन की भी प्रतिक्रिया आई. यूक्रेन की टेंशन क्यों बढ़ी? जानें यहां

Russia Ukraine war : अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात होगी. इस खबर पर मुहर लग चुकी है. दोनों बड़े नेताओं की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं. हालांकि, बातचीत कब और कहां होगी, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है.

ट्रंप और पुतिन की मुलाकात की खबर आने के बाद इसके संभावित प्रभावों, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध पर पूरी दुनिया की नजर टिक गई है. पुतिन के साथ बातचीत करने की ट्रंप की इच्छा ने युद्ध के समाधान की उम्मीदें जगाई हैं. हालांकि, कीव में इस खबर को लेकर बेचैनी बढ़ गई है. यूक्रेनी नेताओं को डर है कि किसी भी समझौते की शर्तें यूक्रेन को कहीं नुकसान न पहुंचा दे.

क्रेमलिन ने ट्रंप की इच्छा का किया स्वागत

रूस ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की इच्छा का स्वागत किया है. रूसी राष्ट्रपति के दफ्तर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव की प्रतिक्रिया मामले पर आई है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आमने-सामने की बातचीत की संभावना के लिए रूस की कोई शर्त नहीं है.

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, ‘‘रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मिलना चाहते हैं और एक बैठक की तैयारी की जा रही है.’’ उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत के प्रस्तावों के पीछे रूस और यूक्रेन के बीच लगभग तीन साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने की कोशिश है. ट्रंप ने पुतिन के साथ अपनी संभावित मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमें उस युद्ध को खत्म करना होगा.’’ ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध में अमेरिकी सहायता की आलोचना की.

रूस-यूक्रेन युद्ध कब शुरू हुआ?

रूस-यूक्रेन युद्ध के 3 साल पूरे होने वाले हैं. 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई इस भीषण जंग ने खूबसूरत देश यूक्रेन को खंडहर में बदल दिया. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर रूसी सैनिकों ने यूक्रेन पर बड़े हमले शुरू किए. रूस के मुकाबले सैन्य शक्ति में काफी कमजोर देश यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने फिर भी हार नहीं मानी. अमेरिका सहित कई पश्चिमी देश, इस युद्ध के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >