पीएम मोदी की यात्रा से पहले न्यूजीलैंड का फैसला, 57% निर्यात पर पहले दिन से नहीं लगेगा शुल्क

PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा से पहले प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और सांसद परमजीत कौर परमार ने ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे व्यापार बढ़ेगा, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के व्यवसायों और उपभोक्ताओं को काफी लाभ होगा.

PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (10 जुलाई) से न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं. यात्रा से पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreements, FTA) को दोनों देशों के लिए अहम बताया है. उन्होंने कहा कि इससे न्यूजीलैंड के कारोबार को लाभ मिलेगा और भारतीय बाजार में उसकी पहुंच और मजबूत होगी. लक्सन ने समझौते के संभावित आर्थिक फायदे भी गिनाते हुए कहा कि भारत को होने वाले न्यूजीलैंड के कुल निर्यात का 57 प्रतिशत हिस्सा समझौता लागू होने के पहले ही दिन से शुल्क मुक्त (Duty Free) हो जाएगा. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है.

पीएम लक्सन ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट

पीएम क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- भारत के साथ हमारा व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के व्यवसायों के लिए नए अवसर लेकर आएगा. भारत को निर्यात की जाने वाली हमारी 57 प्रतिशत वस्तुएं पहले दिन से ही बिना किसी शुल्क के भारतीय बाजार में प्रवेश कर सकेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे. यह दौरा प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हो रहा है. बीते 40 सालों में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जा रहा है. ऑकलैंड में दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.


भारत-न्यूजीलैंड दोनों को एफटीए से होगा फायदा- परमजीत कौर परमार

न्यूजीलैंड की सांसद परमजीत कौर परमार ने भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के व्यवसायों, उत्पादकों और उपभोक्ताओं को काफी लाभ मिलेगा. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए परमार ने व्यापार समझौते को लेकर उठ रही आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि जब न्यूजीलैंड ने चीन के साथ मुक्त व्यापार समझौता किया था, तब भी कुछ लोगों ने इसका विरोध किया था.

व्यवसायों और उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

परमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता देश के व्यवसायों के हितों की रक्षा करना है और यह समझौता दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए फायदेमंद साबित होगा. उन्होंने कहा- हमारे लिए व्यवसायों का हित सबसे अहम है. इस मुक्त व्यापार समझौते से उपभोक्ताओं, उत्पादकों और कारोबारियों सभी को लाभ मिलेगा. यह न्यूजीलैंड और भारत दोनों देशों के लिए सकारात्मक साबित होगा. सांसद परमार ने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड एग्रीमेंट फिलहाल न्यूजीलैंड की संसदीय प्रक्रिया से गुजर रहा है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा इस प्रक्रिया को नई गति देगी.

भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह

परमजीत कौर परमार ने कहा कि न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय समुदाय प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित है. भारत और न्यूजीलैंड के संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों और दोनों देशों के लोगों के मजबूत आपसी रिश्तों पर आधारित हैं. उन्होंने यह भी कहा- भारतीय मूल की होने के नाते, मेरा जन्म भारत में हुआ और अब मैं न्यूजीलैंड में रहती हूं. मुझे लगता है कि दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपार संभावनाएं हैं, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ मिलेगा.

Also Read: मेलबर्न में पीएम मोदी का स्वागत: बोले- ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल से की मुलाकात, कई अहम मु्द्दों पर चर्चा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >