Netanyahu Health Update: इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सेहत को लेकर पिछले काफी समय से सोशल मीडिया और गलियारों में कई तरह की बातें चल रही थीं. अब इन सभी अफवाहों पर विराम लग गया है. पीएम दफ्तर ने उनकी एक विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट जारी की है, जिसमें साफ किया गया है कि उन्हें प्रोस्टेट कैंसर नहीं है.
रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू की हालिया सर्जरी के बाद उन्हें यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) हुआ था, जिसका इलाज फिलहाल चल रहा है. यह रिपोर्ट उनके निजी डॉक्टर डॉ. त्जवी हरमन बर्कोविट्ज और हदासा मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई है.
कैंसर की खबरों पर क्या बोले डॉक्टर्स?
जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दिसंबर में नेतन्याहू के प्रोस्टेट ग्लैंड को हटाने के लिए लेजर तकनीक से एक सर्जरी की गई थी. जांच में पाया गया कि यह समस्या ‘बेनाइन’ (Benign) यानी गैर-कैंसरकारी थी. डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें कैंसर नहीं है और उनकी सेहत पूरी तरह ठीक है.
दिल की सेहत और पेसमेकर का अपडेट
जुलाई 2023 में नेतन्याहू को पेसमेकर लगाया गया था. शेबा मेडिकल सेंटर के हार्ट विशेषज्ञ प्रो. रॉय बीनार्ट के अनुसार, उनका पेसमेकर बिल्कुल सही काम कर रहा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके दिल की धड़कन सामान्य है और उन पर किसी भी तरह की शारीरिक गतिविधि या एक्सरसाइज को लेकर कोई पाबंदी नहीं है. वे पूरी तरह से एक्टिव रह सकते हैं.
ब्लड प्रेशर और अन्य टेस्ट भी नॉर्मल
मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, 75 वर्षीय नेतन्याहू का ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर लेवल पूरी तरह कंट्रोल में है. उनके लिवर, किडनी और खून की जांच की रिपोर्ट्स भी सामान्य आई हैं. इसके अलावा, उनकी नियमित तौर पर ‘कोलोनोस्कोपी’ भी की जाती है, जिसकी ताज़ा रिपोर्ट में सब कुछ सही पाया गया है.
पुरानी बीमारियों का भी दिया ब्योरा
रिपोर्ट में पुरानी सर्जरी का भी जिक्र किया गया है. अप्रैल 2024 में नेतन्याहू के हर्निया का ऑपरेशन हुआ था. उस समय किए गए फुल-बॉडी सिटी स्कैन में उनके प्रोस्टेट के बढ़ने और ब्लैडर में छोटी पथरी होने की बात सामने आई थी. फिलहाल, वे इन्फेक्शन को खत्म करने के लिए एंटीबायोटिक्स दवाएं ले रहे हैं. सालों बाद जारी की गई इस रिपोर्ट ने इजराइली प्रधानमंत्री की सेहत को लेकर चल रहे सस्पेंस को पूरी तरह खत्म कर दिया है.
ये भी पढ़ें: आसीम मुनीर ले रहे बदला, बहन का दावा; जेल में इमरान खान की आंखों की 85% रोशनी खत्म
ये भी पढ़ें: न्यूक्लियर वॉर की आहट? चीन की चोरी पकड़ी, अब अमेरिका भी करेगा परमाणु टेस्ट!
