नेपाल से प्रभात खबर डिजिटल के लिए उत्कर्ष और चंदन की रिपोर्ट
Nepal Flood : लगातार शव बरामद होने के कारण भरतपुर अस्पताल का शवगृह पूरी तरह भर चुका है. चितवन के जिला पुलिस प्रमुख एसपी रामेश्वर पौडेल के अनुसार, अब अस्पताल के शवगृह में नए शव रखने की जगह नहीं बची है. यही वजह है कि आगे बरामद होने वाले शवों के प्रबंधन के लिए भरतपुर स्थित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान के कार्यालय भवन को वैकल्पिक स्थान के रूप में तैयार किया जा रहा है.
स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तनहुं में बरामद नौ शवों को पहले चितवन भेजा गया था, लेकिन भरतपुर अस्पताल में जगह नहीं होने के कारण उन्हें वापस तनहुं भेजना पड़ा.
नदी किनारे लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
बाढ़ के बाद लापता लोगों की तलाश और शवों की बरामदगी के लिए चितवन में तैनात तीनों सुरक्षा एजेंसियां नदी किनारे सक्रिय हैं. सुरक्षा बल त्रिशूली और नारायणी नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च और रिकवरी ऑपरेशन चला रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान जारी रहने के साथ बरामद शवों की संख्या और बढ़ सकती है.
बरामद शवों की पहचान, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और सम्मानपूर्वक अंतिम प्रबंधन के लिए प्रशासन, सुरक्षा निकायों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय किया जा रहा है.
बाढ़ का असर दूर तक
बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ का पानी नीचे की ओर बहते हुए त्रिशूली और नारायणी नदी तंत्र तक पहुंचा. इसके बाद चितवन में कुरिनटार से लेकर नारायणगढ़ क्षेत्र तक नदी किनारों पर शव और मानव अवशेष मिलने लगे. बुधवार शाम तक 18 शव और 12 मानव अंग मिलने की सूचना थी, जो अगले दिन बढ़कर 64 शव तक पहुंच गई.
सर्च ऑपरेशन जारी
प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए सामान को उठाने के लिए नदी तट पर भीड़ नहीं लगाने की अपील की है. इस बीच, राहत और खोज अभियान लगातार जारी है.
ये भी पढ़ें: Nepal Floods : बेचैन करने वाली है नेपाल के जलप्रलय की तस्वीर, दूसरी तस्वीर में गाद से सना शव आपको रुला देगा!
