जिस ऑयल टैंकर पर थे 24 भारतीय, अमेरिका ने किया अटैक, नाकेबंदी तोड़ने का लगाया आरोप; हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू

MT Marivex US Strike 24 Indian Seafarers: ओमान की खाड़ी में एमटी मारिवेक्स पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद जहाज आग की चपेट में आ गया. जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों को ओमानी अधिकारियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

MT Marivex US Strike 24 Indian Seafarers: ओमान के मसिराह द्वीप के पास समुद्र में एमटी मारिवेक्स नामक व्यापारी जहाज में आग लग गई. इसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. इस शिप पर अमेरिकी सेना ने अटैक किया था, उसका दावा है कि यह होर्मुज की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की थी.  अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक F-18 सुपर हॉर्नेट विमान ने एमटी मारिवेक्स को निशाना बनाया. अटैक की वजह से आग लगने के बाद शिप पर मौजूद चालक दल ने एसओएस संदेश भेजकर सहायता मांगी. समय रहते हेलीकॉप्टर से शिप के सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

दोपहर में आग लगने के बाद भेजी गई मदद की पुकार

सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे एमटी मारिवेक्स पर आग लगने की घटना हुई. केंद्रीय शिपिंग मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने के समय जहाज पर 24 भारतीय नाविक मौजूद थे. शिपिंग मंत्रालय ने बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. उन्हें ओमानी अधिकारियों ने बचा लिया है. उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, विदेश स्थित भारतीय मिशनों, भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय किया जा रहा है. 

एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट से किया गया हमला

अमेरिकी सेना के अनुसार, 8 जून को एमटी मारिवेक्स बिना तेल लदे हुए ईरान की दिशा में बढ़ रहा था. अमेरिका का आरोप है कि जहाज ने ईरानी बंदरगाहों पर लागू नाकेबंदी का उल्लंघन किया और अमेरिकी बलों के निर्देशों का पालन नहीं किया. सेंटकॉम के अनुसार, ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन (सीवीएन-72) पर तैनात एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट विमान ने जहाज के इंजन और स्टीयरिंग सेक्शन को निशाना बनाते हुए सटीक हथियार दागा. चालक दल द्वारा अमेरिकी बलों के निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई. अब मारिवेक्स ईरान की ओर नहीं बढ़ रहा है.’

अमेरिकी सेंट्रल कमांड का ट्वीट. फोटो- स्क्रीनग्रैब.

जहाज भारतीय स्वामित्व वाला नहीं था

शिपिंग मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि एमटी मारिवेक्स किसी भारतीय कंपनी का जहाज नहीं था. एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि जहाज को अमेरिकी विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) की ओर से ब्लैकलिस्ट भी किया गया था. दावा किया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों में इस जहाज ने अमेरिकी नौसेना की चेतावनियों से बचने की कई कोशिशें की थीं. इनमें ट्रैकिंग सिग्नल बंद करना और ओमानी समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करना भी शामिल था.

अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में शामिल है मारिवेक्स

शिपिंग डेटाबेस इक्वासिस के अनुसार, एमटी मारिवेक्स को पिछले वर्ष दिसंबर में अमेरिकी सरकार ने ईरान से कथित संबंधों के कारण प्रतिबंधित जहाजों की सूची में शामिल किया था. यह वही जहाज है जिसने 9 अप्रैल को युद्धविराम की घोषणा के समय होर्मुज स्ट्रेट को पार किया था. उस दौरान यह ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह से तेल लेकर कर्नाटक के मंगलूरु पहुंचा था. उस समय फारस की खाड़ी से ईरान से जुड़े कई जहाज तेजी से बाहर निकल रहे थे.

इंजन रूम पर हमले का आरोप

फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) के महासचिव मनोज यादव को भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे जहाज से कई ऑडियो संदेश मिले. इन संदेशों में चालक दल के सदस्य मदद की गुहार लगाते सुनाई दिए. एक ऑडियो संदेश में कहा गया, ‘यह मोटर टैंकर मारिवेक्स है. जहाज पर आग लगी हुई है. पोत डूब रहा है. अमेरिकी नौसेना ने हमारे इंजन रूम पर मिसाइल से हमला किया है. जहाज के निचले हिस्से में बड़ा छेद हो गया है.’

यह भी पढ़ें:- ट्रंप का नेतन्याहू को सख्त संदेश: ईरान से टकराव बढ़ाया तो अमेरिका साथ नहीं देगा

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान ने 16 महीनों में लॉन्च किए 6 सैटेलाइट, भारत का इंच-इंच नाप रहा; कश्मीर पर खास फोकस

हेलीकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू

चालक दल द्वारा भेजे गए ऑडियो संदेशों के अनुसार, हमले में जहाज के एक हिस्से में मौजूद लाइफबोट्स भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं. दूसरी ओर की लाइफबोट्स तक पहुंचना संभव नहीं था क्योंकि उस हिस्से में आग फैल चुकी थी. आग बढ़ने के बाद चालक दल के सभी सदस्य जहाज के अगले हिस्से में पहुंच गए, जबकि पिछला हिस्सा आग की चपेट में था. स्थिति गंभीर होने पर बचाव अभियान शुरू किया गया. हेलीकॉप्टर की मदद से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें ओमान के मसिराह द्वीप पहुंचाया गया.

भारतीय कोस्ट गार्ड ने भी इस बचाव अभियान की जानकारी. देखें-

केंद्र सरकार ने आग लगने की घटना की पुष्टि की

इससे पहले केंद्र सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे ओमान तट के पास एमटी मारिवेक्स पर आग लगने की सूचना मिली थी. बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे और सभी सुरक्षित हैं. हालांकि उन्होंने आग लगने के कारणों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने यह भी बताया कि टैंकर खाली था और होर्मुज जलडमरूमध्य से कुछ दूरी पर मौजूद था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant narayan shukla

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. अनन्त राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर खबरें करते हैं. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यमात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं.

अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं.

इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं.

अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने झारखंड विधान सभा 2024, दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 चुनाव और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है.

अनन्त कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं.

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं.

तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >