अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक स्कूल के पास ग्रेनेड हमला होने से कई बच्चे घायल हो गए. अधिकारियों ने सोमवार देर रात हुई इस घटना की पुष्टि की है.अफगान मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हजारा बहुल में हुए विस्फोट में करीब 50 बच्चे घायल हुए हैं. हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि हमले में 50 बच्चे’ घायल हुए हैं. उन्होंने घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की. पुलिस हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है.
यूएन ने हमले की निंदा की
अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने मंगलवार को हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है.
लंबे समय से निशाने पर हजारा समुदाय
अफगानिस्तान में हजारा समुदाय की आबादी करीब नौ प्रतिशत मानी जाती है. यह समुदाय लंबे समय से हिंसक हमलों और उत्पीड़न का सामना करता रहा है. संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ने भी हमले के हजारा बहुल इलाके में होने को लेकर चिंता जताई.
2021 में भी स्कूल पर हुआ था हमला
काबुल में मई 2021 में एक स्कूल को निशाना बनाकर तीन बम विस्फोट किए गए थे. उस हमले में दर्जनों लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में हजारा समुदाय के लोग शामिल थे और इनमें बड़ी संख्या स्कूली छात्राओं की थी. ताजा हमले ने उस घटना की भयावह यादें फिर ताजा कर दी हैं.
ये भी पढ़ें: नेपाल के स्पीकर ने PM बालेंद्र शाह को सदन में क्यों किया तलब? आखिर क्या है पूरा मामला
