Israel Strike : इजराइली हमले से हिल गईं 30 किमी तक की इमारतें, मारी गई हसन नसरुल्लाह की बेटी, हिजबुल्लाह होगा और खूंखार

Israel Strike : लेबनान के दक्षिणी बेरूत में हिजबुल्लाह के गढ़ों को इजराइल ने निशाना बनाया. इसमें हसन नसरुल्लाह की बेटी के मारे जाने की खबर है.

Israel Strike : लेबनान के दक्षिणी बेरूत में हिजबुल्लाह के गढ़ों को निशाना बनाकर किए गए इजराइली हवाई हमले में हिजबुल्लाह के शीर्ष नेता हसन नसरल्लाह की बेटी जैनब नसरल्लाह की मौत हो गई है. हालांकि, उसकी मौत के बारे में इजराइल, हिजबुल्लाह या लेबनानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. चैनल 12 ने अपनी खबर में इस बात का दावा किया है. यदि इस खबर की पुष्टि हो जाती है, तो मौत हिजबुल्लाह के लिए किसी सदमे से कम नहीं होगी. हिजबुल्लाह के लड़ाके इसका बदला लेने के लिए किसी भी सीमा को लांघ सकते हैं.

इजराइल ने हिजबुल्ला के नेता को निशाना बनाकर किया हमला

इजराइली सेना ने हिजबुल्ला के नेता को निशाना बनाकर बेरूत स्थित इसके केंद्रीय मुख्यालय पर हमला किया. खबरों की मानें तो एक के बाद एक भीषण विस्फोटों से कई ऊंची इमारतें ध्वस्त हो गईं. इजराइल की सेना की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 91 अन्य लोग घायल हो गए. लेबनान की राजधानी में इस हमले की वजह से संघर्ष के पूर्ण युद्ध में बदलने की आशंकाएं प्रबल होती नजर आ रही है.

हसन नसरल्लाह को निशाना बनाकर किया गया हमला

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक अमेरिकी अधिकारी सहित दो अधिकारियों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि यह हमला हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्लाह को निशाना बनाकर किया गया था. हालांकि इजराइली सेना ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नसरल्लाह हमला स्थल पर मौजूद था या नहीं. इस संबंध में हिजबुल्ला ने भी टिप्पणी नहीं की. मृतकों की संख्या में और वृद्धि होने की आशंका व्यक्त की जा रही है क्योंकि हताहतों की तलाश के लिए 6 इमारतों के मलबे में तलाश अभियान अब भी जारी है.

Read Also : Israel Hezbollah War : इजराइली हमले में मारा गया हिज्बुल्लाह चीफ? कुछ तो बड़ा हुआ, अमेरिका की यात्रा बीच में छोड़ लौटे नेतन्याहू

बेरूत से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में स्थित इमारतें भी हिल गईं

लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, बेरूत में दहिया उपनगर के घनी आबादी वाले और मुख्यतः शिया बहुल जिले हरेत हरीक में रात में हुए लगातार विस्फोटों में 6 इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं. खबर में कहा गया है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे बेरूत से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में स्थित इमारतें भी हिल गईं. लेबनान में इजराइल के हवाई हमलों में इस सप्ताह नाटकीय रूप से तेजी आई है. उसने कहा है कि वह अपने क्षेत्र में 11 महीने से अधिक समय से जारी हिजबुल्ला की गोलाबारी को रोकने के लिए कटिबद्ध है.
(इनपुट पीटीआई)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >