पाकिस्तान का बड़ा दावा, ट्रंप के प्रस्तावों पर विचार कर रहा ईरान, क्या होगा सीजफायर?

Iran US Conflict: पाकिस्तान ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है. विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि अमेरिका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव पर ईरान विचार कर रहा है. हालांकि तेहरान फिलहाल सख्त रुख में है. जिससे सीजफायर को लेकर संशय बना हुआ है.

Iran US Conflict: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान अपना नाम भुनाने में कहीं से भी पीछे नहीं है. गुरुवार को पाकिस्तान ने दावा किया कि वह अमेरिका और ईरान के बीच संदेशों के आदान-प्रदान में भूमिका निभा रहा है. पाकिस्तान का कहना है कि क्षेत्र में जारी तनाव और संघर्ष को खत्म करने का एकमात्र रास्ता संवाद और कूटनीति है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि तुर्किये और मिस्र भी इस कूटनीतिक पहल का समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए लगातार सक्रिय प्रयास कर रहा है. पाकिस्तान की ओर से यह बयान ऐसे समय आया है, जब मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.

बिचौलिए का काम कर रहा पाकिस्तान

पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष (Indirect) वार्ता पाकिस्तान के जरिए संदेशों के आदान-प्रदान के माध्यम से चल रही है. उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में अमेरिका ने 15 पॉइंट वाला एक प्रस्ताव साझा किया है, जिस पर ईरान विचार कर रहा है. इशाक डार ने अपने पोस्ट में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिका के पश्चिम एशिया मामलों के दूत स्टीव विटकॉफ को भी टैग किया.

ईरान फिलहाल बातचीत के मूड में नहीं

इससे एक दिन पहले यानी 25 मार्च को एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया था कि पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की कोशिश कर रहा है. अधिकारी के मुताबिक, इस्लामाबाद को संभावित बातचीत स्थल के तौर पर भी प्रस्तावित किया गया है. हालांकि, यह पहल तभी आगे बढ़ सकती है जब ईरान अमेरिका के साथ वार्ता के लिए तैयार हो, लेकिन फिलहाल तेहरान का रुख इसके पक्ष में नहीं दिख रहा है.

15 सूत्रीय प्रस्ताव की शर्तें काफी सख्त

अधिकारी ने बताया कि अमेरिका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव में ईरान की परमाणु नीति और क्षेत्रीय गतिविधियों को लेकर कड़ी शर्तें रखी गई हैं. इसके बदले में ईरान को बड़े पैमाने पर प्रतिबंधों में राहत देने की बात कही गई है. पाक अधिकारी ने यह भी कहा कि ईरान ने इस प्रस्ताव पर अपना रुख और सख्त कर लिया है. यदि किसी मध्यस्थता के जरिए गंभीर बातचीत शुरू भी होती है, तो तेहरान अमेरिका से महत्वपूर्ण रियायतों की मांग कर सकता है. वहीं ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने खबर दी है कि तेहरान ने अमेरिका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव पर अपनी नकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. ऐसे में मिडिल ईस्ट जंग में सीजफायर की संभावना फिलहाल काफी कम लग रही है. (इनपुट भाषा)

Also Read: ईरान पर जोरदार प्रहार की तैयारी में अमेरिका, एयर स्ट्राइक के बाद जमीनी ऑपरेशन का प्लान?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >