Haiti Citadel Fortress stampede: कैरिबियाई देश हैती के उत्तरी हिस्से में स्थित ऐतिहासिक ‘सिटाडेल लाफेरियर’ किले में शनिवार (11 अप्रैल) को एक बड़ा हादसा हो गया. सालाना उत्सव मनाने के लिए इकट्ठा हुई भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 30 लोगों की जान चली गई है. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है. हैती कैरिबियाई सागर में स्थित एक द्वीप देश है, जो उत्तरी अमेरिका महाद्वीप के पास पड़ता है.
कैसे हुआ यह हादसा?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हैती के नॉर्ड विभाग के नागरिक सुरक्षा प्रमुख जीन हेनरी पेटिट ने बताया कि हादसा किले के प्रवेश द्वार (एंट्रेंस) पर हुआ. 19वीं सदी की शुरुआत में बने इस ऐतिहासिक किले में सालाना कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और पर्यटक पहुंचे थे. पेटिट के अनुसार, बहुत ज्यादा भीड़ और अचानक हुई बारिश की वजह से हालात बिगड़ गए और देखते ही देखते भगदड़ मच गई.
पीएम ने जताया दुख
हादसे पर हैती के कार्यवाहक प्रधानमंत्री एलिक्स डिडिएर फिल्स-ऐम ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. पीएम ने बताया कि कार्यक्रम में काफी संख्या में युवा मौजूद थे. फिलहाल अधिकारियों ने मारे गए लोगों की पहचान उजागर नहीं की है और न ही हताहतों का पूरा ब्यौरा दिया है. राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं.
यूनेस्को की धरोहर है यह किला
यह हादसा जिस जगह हुआ, वह यूनेस्को (UNESCO) की विश्व धरोहर सूची में शामिल है. इस किले का निर्माण हैती को फ्रांस से आजादी मिलने के कुछ समय बाद किया गया था. हर साल यहां लोग ऐतिहासिक जश्न के लिए इकट्ठा होते हैं, लेकिन इस बार बारिश और अव्यवस्था ने इसे मातम में बदल दिया.
मुश्किलों से जूझ रहा है हैती
संयुक्त राष्ट्र (UN) के अनुमानों के मुताबिक, हैती इन दिनों भीषण गैंगवार और हिंसा से जूझ रहा है. राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस के 90% हिस्से पर हथियारबंद गिरोहों का कब्जा है. स्काई न्यूज (Sky News) की रिपोर्ट के अनुसार, ये गैंग अवैध हथियारों के दम पर आम लोगों के साथ हिंसा और अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
पहले भी हुए हैं बड़े हादसे
हैती में पिछले कुछ सालों में कई आपदाएं आई हैं:
- साल 2021 और 2024: फ्यूल टैंकर ब्लास्ट में क्रमशः 90 और 24 लोगों की मौत हुई.
- साल 2021: एक विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें करीब 2,000 लोग मारे गए थे.
ये भी पढें: ईरान ने होर्मुज में अमेरिकी नौसेना का दावा किया खारिज, CENTCOM ने कही थी बारूदी सुरंगें हटाने की बात
