अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होने की संभावना बढ़ गई है. दोनों देश पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए बातचीत कर रहे हैं. हालांकि समझौते की कुछ शर्तों पर अभी भी चर्चा जारी है. होर्मुज स्ट्रेट और न्यूक्लियर प्रोग्राम जैसे मुद्दों पर दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहे हैं. फिलहाल बातचीत सही दिशा में चल रही है, लेकिन अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (29 मई) को दावा किया कि होर्मुज में लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाई जा रही है और ईरान के साथ समझौते पर जल्द फैसला लिया जाएगा. वहीं, ईरान ने इस दावे को पूरी तरह सही मानने से इनकार किया. तेहरान का कहना है कि बातचीत अभी जारी है और युद्धविराम या शांति समझौते पर कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है. दोनों देशों के बीच शुरुआती स्तर पर एक समझ बनी है, जिसके तहत युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ाया जा सकता है.
व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में एक अहम बैठक हुई
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ प्रस्तावित समझौते पर जल्द फैसला लेंगे. इसके लिए उन्होंने व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में एक अहम बैठक बुलाई, जहां समझौते के हर पहलू पर चर्चा हुई. करीब दो घंटे तक चली इस बैठक के बाद व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की, लेकिन यह नहीं बताया कि ट्रंप ने कोई अंतिम फैसला लिया है या नहीं.
कौन सी शर्त ईरान के साथ संभावित समझौते के लिए जरूरी?
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान को साफ तौर पर यह वादा करना होगा कि वह कभी परमाणु हथियार या परमाणु बम नहीं बनाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज को तुरंत सभी जहाजों के लिए बिना किसी शुल्क के खोलना होगा, ताकि दोनों ओर में बिना किसी रुकावट के आवाजाही हो सके. ट्रंप ने दावा किया कि समुद्र में बिछाई गई सभी बारूदी सुरंगों को हटाया या निष्क्रिय किया जाएगा. ये शर्तें ईरान के साथ संभावित समझौते के लिए जरूरी हैं.
यह भी पढ़ें : सच कम, झूठ ज्यादा : ट्रंप के शांति समझौते वाले दावों पर ईरान का जवाब
अपनी वाइफ को हैलो कहना, मजाक में बोले ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी की वजह से होर्मुज में फंसे जहाज अब अपने घर लौटने की तैयारी कर सकते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अपने परिवार वालों को मेरी तरफ से हेलो कहना. अपनी वाइफ को हैलो कहना. वहीं, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने AFP को बताया कि ट्रंप तभी ईरान के साथ शांति समझौता करेंगे, जब तेहरान उनकी सभी शर्तें मान लेगा. यह बयान व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में करीब दो घंटे चली अहम बैठक के बाद आया. हालांकि रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
