'डलास लग रहा है पाकिस्तान': भारतीय मूल की पत्नी वाले अमेरिकी सांसद के बयान पर मचा बवाल

Dallas Pakistan Row: अमेरिकी कांग्रेसमैन ब्रैंडन गिल ने एक विवादित बयान दिया है, जिसमें उन्होंने डलास की तुलना पाकिस्तान से की है और कहा है कि मस्जिदों की बढ़ती संख्या और डेमोग्राफिक बदलाव अमेरिका के लिए एक बड़ी समस्या हैं. उनकी भारतीय मूल की पत्नी डेनिएल डिसूजा से उनके कनेक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है. वह पहले भी हाथों से खाना खाने को लेकर विवादों में घिर चुके हैं.

Dallas Pakistan Row: अमेरिका में टेक्सास के एक रिपब्लिकन सांसद ब्रैंडन गिल अपने एक ताजा बयान की वजह से चर्चा में हैं. उन्होंने डलास इलाके में बढ़ती मस्जिदों और जनसांख्यिकीय बदलाव (डेमोग्राफिक चेंज) को ‘इस्लामीकरण’ बताते हुए इसे एक बड़ी समस्या करार दिया है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, जिसमें उनकी भारतीय मूल की पत्नी का नाम भी घसीटा जा रहा है.

मॉल में लगता है जैसे पाकिस्तान में हों: सांसद ब्रैंडन गिल

सांसद ब्रैंडन गिल ने ‘रियल अमेरिकाज वॉयस’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि उनके क्षेत्र के लोग अपने पड़ोस में हो रहे सांस्कृतिक बदलावों से डरे हुए हैं. गिल के अनुसार:

उनके क्षेत्र के वोटर्स अक्सर उनसे कहते हैं कि डलास का इस्लामीकरण हो रहा है.

लोग उन मस्जिदों की शिकायत कर रहे हैं जो उन जमीनों के पास बन रही हैं, जहां उनके परिवार पीढ़ियों से रह रहे हैं.

गिल ने कहा कि जब लोग लोकल मॉल में जाते हैं, तो उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे वे टेक्सास के डलास में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हों. यह एक गंभीर समस्या है.

सांसद ने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि बड़े पैमाने पर हो रहा इस्लामी प्रवासन (माइग्रेशन) उस अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे लोग प्यार करते हैं.

पत्नी के भारतीय होने से जोड़ा जा रहा है मामला

ब्रैंडन गिल की पत्नी डेनियल डीसूजा गिल भारतीय मूल की हैं. वे मशहूर भारतीय-अमेरिकी कमेंटेटर और डोनाल्ड ट्रंप के करीबी दिनेश डीसूजा की बेटी हैं. गिल के ‘पाकिस्तान’ वाले कमेंट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर मजे लिए और तंज कसे:

  • कुछ यूजर्स का कहना है कि गिल यह सब अपनी भारतीय पत्नी को खुश करने के लिए कह रहे हैं.
  • एक यूजर ने लिखा कि लगता है भाई नई दिल्ली में रहते-रहते पाकिस्तान से नफरत करना सीख गए हैं.
  • लोगों का आरोप है कि वे अपनी पत्नी के भारतीय बैकग्राउंड की वजह से खास तौर पर पाकिस्तान का नाम ले रहे हैं.

हाथ से खाना खाने पर भी हुआ था विवाद

यह पहली बार नहीं है जब यह जोड़ा विवादों में है. कुछ महीने पहले न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव लड़ने वाले भारतीय मूल के नेता जोहरान ममदानी के एक वीडियो पर भी इन्होंने कमेंट किया था.

वीडियो में जोहरान हाथ से चावल खा रहे थे. इस पर सांसद ब्रैंडन गिल ने लिखा था कि अमेरिका में सभ्य लोग ऐसे नहीं खाते. अगर आपको पश्चिमी तौर-तरीके नहीं अपनाने, तो वापस तीसरी दुनिया के देश (थर्ड वर्ल्ड ) चले जाइए.

उनकी पत्नी डेनियल ने पति का बचाव करते हुए कहा था कि वे अमेरिका में पैदा हुई हैं और उनके भारतीय रिश्तेदार ईसाई हैं, जो कांटा-चम्मच (Fork) का ही इस्तेमाल करते हैं. उस वक्त लोगों ने उन्हें याद दिलाया था कि हाथ से खाना दक्षिण एशिया की एक सामान्य संस्कृति है.

कौन हैं ब्रैंडन गिल?

ब्रैंडन गिल 2024 में पहली बार सांसद चुने गए हैं. वे डोनाल्ड ट्रंप की विचारधारा वाली रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े हैं. उनके प्रोफाइल के अनुसार:

  • वे टेक्सास के 26वें जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं.
  • वे बजट और ओवरसाइट जैसी महत्वपूर्ण कमेटियों के सदस्य हैं.
  • उनका मुख्य फोकस बॉर्डर सिक्योरिटी और सरकारी खर्चों को कम करने पर रहता है.

ये भी पढ़ें: ट्रंप का नया दांव: अब हथियार उन्हें ही मिलेंगे जो खुद पर पैसा खर्च करेंगे; भारत के ‘तेजस’ के लिए आई बड़ी खबर

ये भी पढ़ें: अमेरिका का दावा: गलवान झड़प के ठीक बाद चीन ने किया था ‘सीक्रेट’ न्यूक्लियर टेस्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >