बांग्लादेश चुनाव में BNP की जीत, जमात को झटका, PM की रेस में तारिक रहमान आगे

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व में BNP गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. बीएनपी ने जमात-ए-इस्लामी को हराकर सत्ता हासिल की. शेख हसीना और खालिदा जिया के युग के बाद इसे बांग्लादेशी राजनीति में एक नई लोकतांत्रिक शुरुआत माना जा रहा है.

Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश में हुए 12 फरवरी 2026 को 13वें संसदीय चुनावों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, BNP और उसके गठबंधन ने जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों को हराकर बड़ी जीत हासिल की है. पार्टी के चीफ तारिक रहमान अब देश के अगले प्रधानमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे हैं. अभी फाइनल रिजल्ट आना बाकी है, लेकिन भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके तारिक रहमान और उनकी पार्टी को इस ‘शानदार जीत’ के लिए बधाई दे दी है.

पीएम मोदी का मैसेज- तरक्की और लोकतंत्र के लिए हम साथ हैं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वो तारिक रहमान को चुनाव में मिली बड़ी जीत पर बधाई देते हैं. उन्होंने कहा कि यह जीत दिखाती है कि बांग्लादेश की जनता को रहमान की लीडरशिप पर पूरा भरोसा है. मोदी ने भरोसा दिलाया कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के लिए हमेशा सपोर्ट करता रहेगा. उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने और साथ मिलकर डेवलपमेंट गोल्स पर काम करने की बात भी कही.

BNP ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहा

बांग्लादेश की बीएनपी (BNP) पार्टी ने चुनाव नतीजों को स्वीकार करने के लिए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहा है. पार्टी को उम्मीद है कि नई सरकार के आने से भारत और बांग्लादेश के रिश्ते और भी बेहतर होंगे. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जिस तरह चुनाव के नतीजों और जनता के फैसले का सम्मान किया है, पार्टी उसकी सराहना करती है. पार्टी का मानना है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग और मजबूत होगा.

BNP और सहयोगियों का दबदबा

अभी भी वोटों की गिनती जारी है, लेकिन माहौल पूरी तरह बदल चुका है. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक:

  • कुल 299 सीटों (शेरपुर-3 सीट पर उम्मीदवार की मौत से मतदान टलने के कारण बांग्लादेश में 300 की जगह 299 सीटों पर ही वोटिंग हुई) में से 296 सीटों के नतीजे आ चुके हैं.
  • BNP और उसके साथियों ने 213 सीटों पर कब्जा जमा लिया है.
  • सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 151 सीटों का है
  • जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों को 76 सीटें मिली हैं.
  • अभी 3 सीटों के नतीजे आना बाकी हैं, लेकिन बहुमत का आंकड़ा BNP के पास दिख रहा है.

तारिक रहमान की बड़ी जीत 

BNP के चेयरमैन तारिक रहमान ने बोगुरा-6 (सदर) सीट से अपने विरोधी को बड़े अंतर से हरा दिया है. डिस्ट्रिक्ट रिटर्निंग ऑफिसर के आंकड़ों के अनुसार, वहां लगभग सभी पोलिंग सेंटर्स की गिनती पूरी हो चुकी है. हालांकि, इतनी बड़ी जीत के बावजूद तारिक रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जश्न न मनाने की अपील की है. इसकी वजह उनकी मां और पूर्व पीएम खालिदा जिया का चुनाव से ठीक पहले निधन होना है. पार्टी ने शुक्रवार की नमाज के बाद उनके लिए दुआ करने की अपील की है.

लोगों ने खुलकर किया वोट

एएनआई से बातचीत में बांग्लादेश के स्वतंत्रता सेनानी टी.एम. रेजाउल करीन ने बताया कि देश में उत्सव जैसा माहौल है. उन्होंने कहा कि काफी समय बाद लोगों ने अपनी मर्जी से वोट डाला है. करीन के मुताबिक, यह चुनाव काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा और इसमें हिंदू, मुस्लिम, बौद्ध, ईसाई सभी धर्मों के लोगों ने हिस्सा लिया. उनका मानना है कि तारिक रहमान की डायनेमिक लीडरशिप में देश अब शांति और लोकतंत्र के रास्ते पर आगे बढ़ेगा. डेली स्टार के अनुसार, बांग्लादेश में हुए जनमत संग्रह में भारी बहुमत से जुलाई चार्टर के पक्ष में मतदान हुआ, जिसमें 65.3% (27,00,844) वोट पड़े हैं.

एक्सपर्ट बोले- ‘अब गुड गवर्नेंस और अनुशासन की जरूरत’

रिटायर्ड सरकारी अधिकारी मजहरुल इस्लाम ने एएनआई को बताया कि जनता की उम्मीदें अब बहुत बढ़ गई हैं. उनका कहना है कि BNP को अब सरकार के अंगों में ईमानदारी और अनुशासन वापस लाना होगा. अगर प्रशासन मजबूत रहा, तो देश में स्थिरता जल्दी आएगी. लोगों की उम्मीद है कि नई सरकार हाशिए पर रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं देगी.

एक नए युग की शुरुआत

इस चुनाव के साथ ही बांग्लादेश की राजनीति में ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ (शेख हसीना और खालिदा जिया की आपसी जंग) का दौर खत्म होता दिख रहा है. पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर बैन लगने और खालिदा जिया के निधन के बाद यह चुनाव बांग्लादेश के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: कौन हैं तारिक रहमान? 17 साल का वनवास खत्म कर बन सकते हैं बांग्लादेश के PM

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >