रैपर से PM बने 35 वर्षीय बालेन शाह; नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ

Balen Shah Sworn In As Nepal PM: काठमांडू के पूर्व मेयर और रैपर बालेन शाह ने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. 5 मार्च को हुए चुनावों में उनकी पार्टी RSP 182 सीटों के साथ सबसे बड़ी शक्ति बनी है. 35 साल के बालेन अब हिमालयी देश की कमान संभालने वाले सबसे युवा नेताओं में शामिल हैं.

Balen Shah Sworn In As Nepal PM: काठमांडू के पूर्व मेयर और मशहूर रैपर बालेन शाह शुक्रवार (27 मार्च) को नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. संविधान की धारा 76(1) के तहत यह नियुक्ति की गई है. इस समारोह में उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत और पूर्व प्रधानमंत्रियों समेत कई दिग्गज मौजूद रहे. बालेन अब हिमालयी देश की कमान संभालने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक बन गए हैं.

2022 में निर्दलीय चुनाव लड़कर काठमांडू के मेयर बने

35 साल के बालेन शाह का राजनीति में आना किसी फिल्मी कहानी जैसा है. पेशे से स्ट्रक्चरल इंजीनियर और अंडरग्राउंड रैप सीन का जाना-माना नाम रहे बालेन ने 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़कर काठमांडू के मेयर पद पर कब्जा किया था. उस वक्त उन्होंने ‘वॉकिंग स्टिक’ (छड़ी) चुनाव चिह्न पर लड़ते हुए 61,767 वोट हासिल किए थे. उन्होंने नेपाली कांग्रेस की सिर्जना सिंह (38,341 वोट) और CPN-UML के कद्दावर नेता केशव स्थापित (38,117 वोट) को भारी अंतर से हराया था.

संसद में भारी बहुमत के साथ वापसी

प्रधानमंत्री बनने से पहले गुरुवार (26 मार्च) को बालेन ने प्रतिनिधि सभा (HoR) के सदस्य के रूप में शपथ ली थी. सितंबर 2025 में ‘जेन-जी’ (Gen-Z) युवाओं के बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछली संसद को भंग कर दिया गया था. इसके बाद 5 मार्च 2026 को हुए चुनावों के बाद नई संसद की पहली बैठक गुरुवार को हुई. वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी ने नए सांसदों को शपथ दिलाई. यह कार्यक्रम सिंह दरबार में निर्माणाधीन मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित किया गया.

चुनाव परिणामों का पूरा गणित

निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च को घोषित आंकड़ों के अनुसार, इस बार बालेन शाह की ‘राष्ट्रिय स्वतंत्र पार्टी’ (RSP) सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है. 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में RSP ने कुल 182 सीटें जीती हैं. अन्य पार्टियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

  • नेपाली कांग्रेस (NC): 38 सीटें
  • CPN-UML: 25 सीटें
  • नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (NCP): 17 सीटें
  • श्रम संस्कृति पार्टी: 7 सीटें
  • राष्ट्रिय प्रजातंत्र पार्टी (RPP): 5 सीटें

FPTP और PR सिस्टम का डेटा

नेपाल के चुनावी सिस्टम के तहत 165 सदस्य सीधे चुनाव (FPTP) से और 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व (प्रोपोर्शनल सिस्टम) प्रणाली से चुने जाते हैं.

  • FPTP सिस्टम: इसमें RSP को 125, नेपाली कांग्रेस को 19, UML को 9, NCP को 8, श्रम संस्कृति पार्टी को 3 और RPP को 1 सीट मिली. एक सीट निर्दलीय के खाते में गई. इसमें जनता सीधे अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देती है और जिस व्यक्ति को सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं, वह जीत जाता है.
  • PR सिस्टम (प्रोपोर्शनल सिस्टम): यहां RSP को 57, नेपाली कांग्रेस को 20, UML को 16, NCP को 9, जबकि श्रम संस्कृति और RPP को 4-4 सीटें मिलीं. इसमें जनता किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि ‘पार्टी’ को वोट देती है और पार्टी को मिले कुल वोटों के प्रतिशत के आधार पर उसे संसद में सीटें दी जाती हैं.

ये भी पढ़ें: ट्रंप का प्लान: मिडिल ईस्ट में तैनात होंगे और 10 हजार अमेरिकी सैनिक, क्या युद्ध टालना ईरान को झुकाने की चाल?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >