आसिम मुनीर को मारना चाहती थी मोसाद, फिर पाकिस्तान ने इजरायल को दी धमकी, ब्राजील के पत्रकार का दावा

Asim Munir Mossad Assassination: पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असिम मुनीर की स्विट्जरलैंड यात्रा के दौरान मोसाद ने कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रची थी. यह दावा ब्राजील के पत्रकार पेपे एस्कोबार ने किया है. उनके इस दावे पर पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया दी.

Asim Munir Mossad Assassination: पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असिम मुनीर को लेकर एक सनसनीखेज दावा सामने आया है. ब्राजील के पत्रकार पेपे एस्कोबार ने आरोप लगाया है कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद कथित तौर पर असिम मुनीर और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल को निशाना बनाने की योजना बना रही थी. हालांकि, पाकिस्तान ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है और इसे बेबुनियाद बताया है. यह दावा उस समय सामने आया, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असिम मुनीर स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न में कूटनीतिक बैठकों के लिए पहुंचे थे. यह दौरा ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया संकट को खत्म करने के लिए चल रही बातचीत से जुड़ा हुआ था.

ब्राजील के पत्रकार पेपे एस्कोबार ने दावा किया कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद कथित तौर पर पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असिम मुनीर और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के कुछ अन्य सदस्यों को निशाना बनाने की योजना बना रही थी. एस्कोबार ने यह दावा राजनीतिक टिप्पणीकार मारियो नवफल के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किया. 

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना को ‘बेहद विश्वसनीय जानकारी’ मिली थी कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आदेश पर असिम मुनीर और संभवतः स्विट्जरलैंड जाने वाले पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही थी.

पत्रकार ने आगे दावा किया कि इस कथित योजना के जवाब में पाकिस्तान ने इजरायल को चेतावनी भी दी थी. उनके मुताबिक, यह संदेश संभवतः ओमान के माध्यम से पहुंचाया गया था. पत्रकार के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से कथित तौर पर कहा गया था, ‘अगर आपने हमारे प्रतिनिधिमंडल को छुआ, तो हम आपको नक्शे से मिटा देंगे, बस.’

पाकिस्तान ने दावों को किया खारिज

हालांकि, इन दावों के सामने आने के बाद पाकिस्तान की ओर से इन्हें पूरी तरह खारिज कर दिया गया. पाकिस्तानी न्यूज चैनल एआरवाई न्यूज के चेयरमैन कामरान खान ने बताया कि एक वरिष्ठ पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने इस खबर को ‘पूरी तरह बकवास और बिल्कुल निराधार’ बताया है.

अधिकारी के हवाले से कहा गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल सैयद असिम मुनीर की स्विट्जरलैंड यात्रा ‘पूरी तरह सामान्य तरीके से हुई और सब कुछ तय योजना के अनुसार चलता रहा.’ अधिकारी ने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान न तो कोई सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया और न ही स्विस या अमेरिकी सुरक्षा टीमों की ओर से किसी तरह की चिंता जताई गई.

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख की सुरक्षा व्यवस्था स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न में पूरे दौरे के दौरान पूरी तरह लागू रही. पाकिस्तानी अधिकारी ने मोसाद से जुड़े इस दावे को ‘काल्पनिक कहानी और वास्तविकता से दूर’ बताते हुए कहा कि इसका जमीन पर मौजूद हालात से कोई संबंध नहीं है.

ये भी पढ़ें:- Video: 7.1 तीव्रता के भूकंप से कांपा वेनेजुएला, मची अफरा-तफरी, वीडियो आया सामने

ये भी पढ़ें:- ईरान ने फोड़ा नया बम! परमाणु डील पर अमेरिका को घेरा, निरीक्षण के लिए रख दी बड़ी शर्त

बुर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में ईरान-अमेरिका के बीच हुई चर्चा

यह दौरा उस समय हुआ था जब ईरान और अमेरिका पश्चिम एशिया में जारी तनाव को कम करने और संघर्ष खत्म करने की दिशा में बातचीत कर रहे थे. स्विट्जरलैंड के बुर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में ईरान-अमेरिका वार्ता से जुड़ी गतिविधियों के दौरान पाकिस्तान और कतर के प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद थे. हालांकि, मोसाद की कथित साजिश वाला दावा अभी तक किसी आधिकारिक स्रोत से साबित नहीं हुआ है और पाकिस्तान ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है. 

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant narayan shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >