वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यूक्रेन के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में अपने रुसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेनी संप्रभुता का हनन करने को लेकर आगाह करते हुए कहा है कि क्रीमिया क्षेत्र से मास्को अपने सुरक्षा बलों को वापस बुलाए.
पुतिन के साथ 90 मिनटों की बातचीत में ओबामा ने ‘यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के हनन’ को लेकर गहरी चिंता जताई और पुजिन से कहा कि क्रीमिया से अपने सुरक्षा बुलाएं अथवा राजनीतिक और आर्थिक रुस से अलग-थलग पड़ने के लिए तैयार रहें.व्हाइट हाउस से कल जारी एक बयान में कहा गया है ‘‘अमेरिका ने रुस से उसकी फौजें वापस क्रीमिया के शिविरों में बुलाने तथा यूक्रेन में कहीं भी किसी भी तरह के हस्तक्षेप से बचने को कहा ताकि वहां व्याप्त तनाव कम हो सके.’’ बयान में कहा गया है ‘‘ओबामा ने पुतिन से कहा कि अगर रुस को यूक्रेन में बसे मूल निवासी रुसियों और अल्पसंख्यकों की चिंता है तो उनकी समस्याओं का समाधान यूक्रेन की सरकार के साथ बातचीत कर तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद या ‘ऑर्गनाइजेशन फॉर सिक्योरिटी एंड कोऑपरेशन इन यूरोप’ :ओएससीई: के निगरानी में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को वहां भेज कर वहां की सरकार से बातचीत कर शांतिपूर्वक करना ज्यादा बेहतर होगा.’’ इस बयान में कहा गया है कि अमेरिका इसमें भागीदारी के लिए तैयार है.
