वॉशिंगटन : अमेरिकी रक्षा मंत्री चक हेजल ने अपने रुसी समकक्ष सज्रेई शोयगु से फोन पर बात की और यूक्रेन में रुस की सेना के ‘हस्तक्षेप’ को लेकर ‘गहरी चिंता’ जाहिर की. पेंटागन के प्रेस सचिव रीयर एडमिरल जॉन किर्बी ने कल एक बयान में कहा ‘‘हेजल ने यूक्रेन में रुस के सैन्य हस्तक्षेप को लेकर गहरी चिंता जताई.’’
बातचीन के दौरान हेजल ने शोयगु को याद दिलाया कि ये सैन्य गतिविधियां रुस की अंतरराष्ट्रीय संधि संबंधी प्रतिबद्धता के प्रतिकूल हैं जिसमें साफ कहा गया है कि वह (रुस) यूक्रेन की संप्रभुता और भूभागीय अखंडता का सम्मान करेगा. किर्बी के अनुसार, हेजल ने जोर दिया कि अगर जमीनी हकीकत नहीं बदलती है तो रुस पर क्षेत्र में अस्थिरता, अंतरराष्ट्रीय समुदाय में अलग थलग होने का खतरा है और साथ ही ऐसा तनाव बढ़ेगा जिससे यूरोप और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा.
