भूकंप प्रभावित नेपाल के लिए मदद मांगने जल्द भारत आएंगे नेपाली पीएम कोइराला

काठमांडू : नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला देश में आए भयंकर भूकंप के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण की लंबी अवधि की योजनाओं पर चर्चा के लिए जल्द भारत का दौरा कर सकते हैं. इस भूकंप से नेपाल में करीब नौ हजार लोगों की मौत हुई है. उप-प्रधानमंत्री और स्थानीय विकास मंत्री प्रकाश मान सिंह ने […]

काठमांडू : नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला देश में आए भयंकर भूकंप के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण की लंबी अवधि की योजनाओं पर चर्चा के लिए जल्द भारत का दौरा कर सकते हैं. इस भूकंप से नेपाल में करीब नौ हजार लोगों की मौत हुई है.
उप-प्रधानमंत्री और स्थानीय विकास मंत्री प्रकाश मान सिंह ने संवाददाताओं से कहा, प्रधानमंत्री कोइराला देश में लंबी अवधि के आधार पर पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों से संबंधित विषयों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जल्द भारत जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को दौरे के लिए भारत सरकार से निमंत्रण पहले ही मिल चुका है. उन्होंने ज्यादा जानकारी दिये बगैर कहा कि प्रधानमंत्री उचित समय पर भारत का दौरा करेंगे.
पच्चीस अप्रैल को आए भूकंप के बाद से कोइराला नियमित रुप से अपने भारतीय समकक्ष के संपर्क में हैं. इस भूकंप में पांच लाख घर पूरी तरह से नष्ट हो गये थे जबकि तीन लाख घरों को आंशिक रुप से नुकसान पहुंचा था.
प्रधानमंत्री कोइराला ने कल यहां स्थानीय और विदेशी पत्रकारों से कहा था कि 12 मई के भूकंप के बाद उन्हें सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने फोन किया था और भूकंप के कुछ घंटों में ही भारत ने बचाव एवं राहत कार्यों के लिए मदद मुहैया कराई.
उन्होंने कहा, हमें भारत से अच्छा समर्थन और मदद मिली. भारत हमारे लोगों को बचाने के लिए आगे आने वाला पहला देश था और उसने साजो-सामान तथा अन्य जरुरी सहयोग किया. हम इसके लिए अपने पडोसी देशों भारत और चीन के आभारी हैं. भारत ने नेपाल को संकट से निबटने के लिए कम से कम 15 हजार टन राहत सामग्री दी.
इसके अलावा भारतीय वायुसेना ने सैकडों लोगों को खतरनाक इलाकों से निकालकर सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया और भूकंप प्रभावित क्षेत्रों से दर्जनों लोगों को बचाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >