काठमांडूः पिछले महीने नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद काठमांडू घाटी की उंचाई में 80 सेंटीमीटर की बढोतरी हुई है. यह बात बुधवार को सर्वेक्षण विभाग ने बताई. सर्वेक्षण विभाग के निदेशक मधुसूदन अधिकारी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि 25 अप्रैल को 7 . 9 की तीव्रता वाले भूकंप के चार दिनों बाद 24 घंटे ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम से सर्वेक्षण करने पर विभाग इस निष्कर्ष पर पहुंचा.
भूकंप से पहले काठमांडू घाटी समुद्र तल से 1338 मीटर की उंचाई पर थी. अब यह उंचाई बढकर 1338 . 80 मीटर हो गई है. बहरहाल विभाग ने यह नहीं बताया कि विश्व की सबसे उंची चोटी माउंट एवरेस्ट की उंचाई 8848 मीटर से बदली है या नहीं.
भूकंप से नेपाल में मरने वालों की संख्या अभी तक 7652 पहुंच गई है जबकि जख्मी लोगों की संख्या 16 हजार 390 हो चुकी है. दो लाख 79 हजार 234 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और दो लाख 37 हजार 68 घरों में आंशिक रुप से क्षति पहुंची है.
