लंदन : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरून ने यहां भारतीय समुदाय को हिंदी में ‘फिर एक बार कैमरून सरकार’ से लुभाने का प्रयास किया. यह नारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय चुनावी नारे जैसा है. सात मई को ब्रिटेन में होने वाले आम चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार में कैमरून ने मोदी को ऊर्जावान नेता बताते हुए उनकी तारीफ की.
कैमरून हाल ही में उत्तर पश्चिम लंदन के नियासडेन में श्री स्वामीनारायण मंदिर में रुके थे. इस दौरान उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री मोदी का जल्द ही ब्रिटेन में स्वागत करना चाहता हूं और हां, मैं उनसे ब्रिसबेन में मिला था. उन्होंने भारत में मोदी के चुनावी नारे ‘अबकी बार, मोदी सरकार’ की तर्ज पर कहा, ‘फिर एक बार कैमरून सरकार’. ब्रिटेन में बसे करीब 15 लाख भारतीय मूल के मतदाताओं में हिंदू वोटरों को अहम माना जाता है.
ब्रिटेन में रह रहे भारतीय मूल के मतदाता सात मई को होने वाले आम चुनावों में अहम भूमिका निभा सकते हैं. इन चुनावों में संसद त्रिशंकु रहने के आसार है. सत्तारुढ गठबंधन कंजरवेटिव्ज और लिबरल डेमोक्रेट्स तथा विपक्षी लेबर पार्टी के नेताओं ने ब्रिटेन के इतिहास की कांटे की टक्कर माने जा रहे चुनावों में मतदाताओं तक पहुंचने के लिए दिन रात एक कर दिये हैं.
ब्रिटिश संसद में 650 सीटें हैं और बहुमत के लिए 326 सीटों की दरकार होती है. इस साल चुनावों में पहली बार यह पूर्वानुमान लगाया जा रहा है कि बडी संख्या में ऐसी सीटें हैं जहां प्रवासियों के वोट का बडा प्रभाव रहेगा.
