नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज श्रीलंका के लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी और कहा कि वह इस महीने के उत्तरार्ध में होने जा रही राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना की भारत यात्रा को लेकर उत्साहित हैं.
मोदी ने अंग्रेजी और सिंहली में ट्वीट किया, उनके स्वतंत्रता दिवस पर, श्रीलंका के लोगों को मेरी शुभकामनाएं. इतिहास के रिश्ते, संस्कृति एवं हमारे साझा मूल्य अटूट हैं.
आगामी वर्षों में श्रीलंका के विकास के लिए मेरी शुभकामनाएं. मैं इस महीने के उत्तरार्ध में राष्ट्रपति सिरीसेना का स्वागत करने को लेकर उत्साहित हूं. श्रीलंका के राष्ट्रपति का 16 फरवरी को दो दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर आने का कार्यक्रम है.
राष्ट्रपति पद के लिए नौ जनवरी को हुए चुनाव में महिन्दा राजपक्षे को शिकस्त देने वाले सिरीसेना संकेत दे चुके हैं कि वह भारत के साथ घनिष्ठ संबंध चाहते हैं.
