कानो (नाइजीरिया) : बोको हराम ने एक नए वीडियो में इस बात से साफ इनकार किया है कि वह संघर्षविराम के लिए सहमत हुआ था. इस संबंध में नाइजीरिया सरकार द्वारा किए गए दावों को ‘‘झूठ’’ करार देते हुए उसने भविष्य में बातचीत से एक प्रकार से इंकार कर दिया है.
गुट के नेता अबुबकर शेकाउ ने कल यह भी कहा कि बोरनो राज्य के दूरस्थ उत्तर पूर्वी शहर चिबोक से अप्रैल में अपहृत की गई 219 स्कूली लडकियों को इस्लाम धर्म कबूल कराया गया और उनकी शादी कर दी गई. शेकाउ ने यह भी बताया कि इस्लामिकों के पास एक जर्मन नागरिक बंधक है जिसका उन्होंने उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के अदमावा राज्य से जुलाई में अपहरण किया था.
गौरतलब है कि नाइजीरिया की सेना और राष्ट्रपति कार्यालय ने 17 अक्तूबर को कहा था कि शत्रुता समाप्त करने के लिए उग्रवादियों के साथ एक समझौता किया गया है. राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन के एक वरिष्ठ सहायक ने भी कहा था कि स्कूली छात्राओं की रिहाई के लिए एक समझौता हुआ है. इन छात्राओं के अपहरण की घटना के बाद पूरी दुनिया में आक्रोश की लहर दौड गई और इन छात्राओं की रिहाई की मांग की गई.
