काहिरा:गाजा में लगातार हिंसा जारी है. मिस्र गाजा में संघर्ष विराम की कोशिशों में लगा हुआ है. एक अधिकारी के मुताबिक मिस्र के मध्यस्थों ने गाजा में नये संघर्षविराम का प्रस्ताव रखा है. इससे घेरेबंदी की शिकार पट्टी की सीमाएं खुलेंगी और वहां सहायता एवं पुनर्निर्माण सामग्री पहुंच पाएगी.
एक फलस्तीनी अधिकारी ने कहा कि यदि इस्राइल को यह स्वीकार होगा तो गाजापट्टी के वास्तविक शासक हमास समेत फलस्तीनियों को भी मंजूर होगा. उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव में उन विवादित बिंदुओं पर बाद में बातचीत होगी जिन्होंने दीर्घकालिक संघर्षविराम समझौते की राह में रोड़े अटकाए.
मिस्र के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि मध्यस्थों ने नये प्रस्ताव के साथ फलस्तीनी और इस्राइल से संपर्क किया है. गाजा में विनाशकारी संघर्ष समाप्त करने संबंधी पिछला संघर्षविराम 19 अगस्त को टूट गया था क्योंकि मिस्र के मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच अंतर कम नहीं कर पाए थे. संघर्ष का 49 वां दिन हो चुका है और उसमें 2100 फलस्तीनी एवं 68 से ज्यादा इस्राइली मारे जा चुके है.
