नयी दिल्ली:बंदर की एक सेल्फी को लेकर चल रहे विवाद पर अमेरिका के कॉपीराइट कार्यालय ने फैसला देते हुए कहा कि बंदर या किसी भी अन्य जानवर का उस फोटो पर कॉपीराइट नहीं बनता है. उल्लेखनीय है कि विकिपीडिया और एक फोटोग्राफर के बीच बंदर की सेल्फी को लेकर विवाद छिड़ गया था.
जहां फोटोग्राफर ने बंदर के सेल्फी पर अपना हक जताया था वहीं विकिपीडिया ने अपनी साइट से इस सेल्फी को हटाने से मना कर दिया था. विकिपीडिया ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि इस सेल्फी पर फोटोग्राफर का कॉपीराइट नहीं है, क्योंकि यह सेल्फी खुद बंदर ने ली है.
‘नेशनल जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, कॉपीराइट नियमन एवं प्रणाली पर इस हफ्ते एक रिपोर्ट में अमेरिकी नियामक ने ऐसे मामलों का उदाहरण दिया है, जो संरक्षा के योग्य नहीं हैं. इनमें एक बंदर द्वारा ली गई फोटो और घर की दीवार पर हाथी द्वारा की गई पेंटिंग भी शामिल है.
