मॉस्को : मॉस्को में व्यस्त समय के दौरान एक मेट्रो के आज पटरी से उतर जाने से 20 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग जख्मी हो गए. दुनिया के सबसे व्यस्त सबवे में यह भीषण दुर्घटनाओं में से एक है.रुसी टेलीविजन ने अफरा-तफरी एवं भय के दृश्यों को प्रसारित किया है जिसमें बताया गया कि ट्रेन में अचानक ब्रेक लगाने और इसके तीन बोगियों के पटरी से उतर जाने के बाद यात्री उसमें से गिरने लगे. फिलहाल ब्राजील के दौरे पर गए राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन को दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई.
पश्चिमी मॉस्को के पार्क पोबेडी मेट्रो स्टेशन के बाहर मौजूद एएफपी के संवाददाताओं ने कहा कि जख्मी लोगों को उपचार देने में सहयोग करने के लिए दर्जनों एंबुलेंस सायरन बजाते हुए वहां पहुंचे और ज्यादा गंभीर लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों की सेवा ली गई. स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि 19 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक यात्री की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई. उन्होंने कहा कि करीब 130 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मॉस्को के उपमहापौर प्योत्र बिरयुकोव ने संवाददाताओं से कहा कि रेलगाडी के नीचे फंसे करीब पांच लोगों को निकालने के लिए बचाव दल काम कर रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग फंसे हुए हैं उनके जिंदा बचे होने के संकेत हैं.’’ अधिकारियों ने कहा कि जिन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है उनमें से आधे की स्थिति गंभीर है.एक यात्री ने टेलीविजन पर कहा, ‘‘मैंने सोचा अब खत्म हो गया. हम फंस गए थे और बच जाना चमत्कार से कम नहीं है.’’ यात्रियों ने कहा कि बोगियों में धुआं तेजी से फैल गया और बचावकर्मियों ने उन्हें ऑक्सीजन दिया.
