कराची : पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में आज तडके एक नाके पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलियां बरसाकर कम से कम आठ आदिवासी पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी. इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हुआ. हमला क्वेटा के 350 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में स्थित खुज्दार जिले के वाघ इलाके के नजदीक क्वेटा-कराची राजमार्ग पर हुआ.
बलूचिस्तान के गृह और आदिवासी मामलों के सचिव अकबर हुसैन दुर्रानी ने बताया, ‘‘मोटर साइकिल पर सवार सशस्त्र बंदूकधारियों ने आज तडके जोहर नाके पर हमला किया और आठ लोगों की हत्या कर दी. एक व्यक्ति घायल हुआ.’’ दुर्रानी ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है. उनका कहना था कि हमलावर उग्रवादी अथवा बागी हो सकते हैं. अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
