ताइपे : ताइवान में आज 5.9 तीव्रता का भूकंप आया और राजधानी में मकान हिलने लगे लेकिन किसी के हताहत होने या नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है. भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बज कर 21 मिनट पर आए इस भूकंप का केंद्र पूर्वी शहर हुआलियेन से 33.3 किलोमीटर (21 मील) दूर दक्षिण-पश्चिम में 18 किलोमीटर की गहराई पर था.
केंद्र के अनुसार, द्वीप के कई हिस्सों में निवासियों ने झटके महसूस किये. यह द्वीप दो टेक्टोनिक प्लेटों के जोड़ के पास स्थित है और यहां पर अक्सर भूकंप आते हैं. पिछले साल मध्य ताइवान में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी और कई जगह भूस्खलन हुआ था. सितंबर 1999 में द्वीप पर 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें लगभग 2,400 लोगों की मौत हो गयी थी.
