नयी दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान से दो भारतीय संवाददाताओं को निकाले जाने पर कडी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज इसे अफसोसजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया तथा कहा कि स्वतंत्र पत्रकारों को काम नहीं करने देना ‘प्रतिगामी’ कदम है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच स्वतंत्र सूचना प्रवाह को लंबे समय से महत्वपूर्ण विश्वास बहाली कदम के तौर पर मान्यता दी गयी है और सभी संबंधित पक्षों द्वारा इन विश्वास बहाली के कदमों का संरक्षण किया जाना चाहिए.
पाकिस्तान ने आकस्मिक कार्रवाई में वहां कार्यरत दो भारतीय पत्रकारों को निकाल दिया और कल देर रात उन्हें बिना कारण बताये सात दिन में देश छोडने को कहा है. इनमें प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के स्नेहेश एलेक्स फिलिप और हिंदू अखबार की मीना मेनन हैं.
