अमेरिका ने अपहृत स्कूली छात्राओं को ढूंढने के लिए तैनात किये टोही विमान

वाशिंगटन : अमेरिका ने नाइजीरिया के सुदूर क्षेत्र से अगवा की गईं 200 से अधिक स्कूली छात्राओं को ढूंढने के अंतरराष्ट्रीय प्रयास में तेजी के तहत वहां एक टोही विमान तैनात किया है.एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कल कहा, ‘‘हमें नाइजीरिया वासियों से सेटेलाइट से ली गयी तस्वीरें मिली हैं और हम वहां की सरकार […]

वाशिंगटन : अमेरिका ने नाइजीरिया के सुदूर क्षेत्र से अगवा की गईं 200 से अधिक स्कूली छात्राओं को ढूंढने के अंतरराष्ट्रीय प्रयास में तेजी के तहत वहां एक टोही विमान तैनात किया है.एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कल कहा, ‘‘हमें नाइजीरिया वासियों से सेटेलाइट से ली गयी तस्वीरें मिली हैं और हम वहां की सरकार की इजाजत से मानवयुक्त खोजी विमान उडा रहे हैं.’’

हालांकि तैनात किए गए विमान का प्रकार नहीं बताया गया है, लेकिन अमेरिका के पास ऐसे अत्याधुनिक विमान हैं जो मोबाइल फोनों पर होने वाली बातचीत तक पकड सकते हैं. नाइजीरिया में पहले से ही तीस अमेरिकी विशेषज्ञों की एक टीम खोज अभियान में मदद के लिए है. इस काम में ब्रिटेन, फ्रांस, चीन ने भी अपनी टीमें नाइजीरिया भेजी हैं तथा इस्राइल ने हाथ बंटाने की पेशकश की है. स्कूली छात्राओं की परेशानी एवं उनके परिवारों की मायूसी ने इस ओर विभिन्न देशों की सरकारों का ध्यान आकृष्ट किया था.

उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल को नाइजीरिया के उत्तर पूर्व में चिबोक के एक आवासीय विद्यालय से 270 से अधिक लडकियों को इस्लामी कट्टरपंथी संगठन बोको हरम के आतंकवादियों ने अगवा कर लिया था. कुछ लडकियां उनके चंगुल से भागने में कामयाब रहीं लेकिन ज्यादातर को सुदूर साम्बिसा के जंगल में बंधक बनाकर रखा गया है. बोको हरम ने कल एक वीडियो जारी किया था जिसमें 130 लडकियां मुस्लिम लिबास में नजर आ रही हैं और कुरान पढ रही हैं. अपहृत लडकियों में ज्यादातर ईसाई हैं. दो ने कैमरे पर कहा कि उन्होंने इस्लाम अपना लिया है. बोको हरम के नेता ने जेल में बंद आतंकवादियों की रिहाई के बदले में इन लडकियों को मुक्त करने की बात कही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >