पाकिस्तान : पेशावर में आत्मघाती हमलों में 18 की मौत, 52 घायल

पेशावर: पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के मरदान में जिला अदालत में एक आत्मघाती हमलावर द्वारा भीड़ को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में आज 12 लोग मारे गए और 52 अन्य घायल हो गए. इससे कुछ ही घंटे पहले सुरक्षा बलों ने अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में ईसाई कालोनी में घुसने का प्रयास करते चार […]

पेशावर: पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के मरदान में जिला अदालत में एक आत्मघाती हमलावर द्वारा भीड़ को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में आज 12 लोग मारे गए और 52 अन्य घायल हो गए. इससे कुछ ही घंटे पहले सुरक्षा बलों ने अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में ईसाई कालोनी में घुसने का प्रयास करते चार आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया था. हमलावर ने मरदान जिला अदालत के मुख्य गेट पर सुबह के समय एकत्र हुए लोगों को निशाना बनाते हुए खुद को विस्फोट से उडाने से पूर्व हथगोला फेंका था. मरदान के मुख्य बचाव अधिकारी हैरिस हबीब ने बताया, ‘‘ पहले एक छोटा विस्फोट हुआ और उसके बाद बडा विस्फोट हुआ.

‘ एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने हबीब के हवाले से बताया, ‘‘ अभी तक हमें वकीलों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों के 12 शव मिले हैं. इसके अतिरिक्त हमने वकीलों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों सहित घटनास्थल से 52 घायल लोगों को बचाया है.’ घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गयी है और समीप के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा कडी कर दी गयी है. पाकिस्तान की अदालतों और वकील समुदाय को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा हमला है. पिछले महीने, दक्षिणी बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में ऐसे ही एक विस्फोट में 70 से अधिक लोग मारे गए थे. इस हमले में एक प्रकार से शहर के वरिष्ठ वकीलों की एक पीढी करीब करीब समाप्त हो गयी थी. आज अदालत पर हुए आत्मघाती हमले से कुछ ही घंटे पूर्व भारी हथियारों से लैस आत्मघाती हमलावरों ने पेशावर में एक ईसाई कालोनी में घुसने का प्रयास किया और सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराए जाने से पूर्व उन्होंने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और कई अन्य को घायल कर दिया.

इसी प्रांत में तडके किए गए हमले में आतंकवादी पेशावर के उत्तर में वारसाक डैम के समीप कालोनी में घुसे और एक ईसाई सुरक्षा गार्ड को मार दिया. सैन्य हेलिकाप्टरों की मदद से सैनिक घटनास्थल पर पहुंचे जहां उनकी आतंकवादियों के साथ मुठभेड हुई. इस मुठभेड के दौरान चारों आतंकवादी मारे गए. इस हमले में फ्रंटियर कोर के दो सुरक्षाकर्मी, एक पुलिसकर्मी और दो असैन्य गार्ड घायल हो गए. इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने ट्विट किया कि चारों आतंकवादी मारे गए हैं. बाजवा ने बताया, ‘‘ आतंकवादियों ने वारसाक रोड पर पेशावर में क्रिश्चियन कालोनी पर हमला किया. सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई की. चारों आत्मघाती हमलावर मारे गए. मामले में खोजबीन जारी है.’ दो हमलावरों ने अपने आत्मघाती जैकेटों में विस्फोट किया जबकि दो अन्य को सुरक्षा बलों ने मार गिराया. किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस प्रकार के हमले तालिबान करता है.
तालिबान के एक आत्मघाती हमलावर ने इस साल ईस्टर पर लाहौर में ईसाइयों को निशाना बनाया था जिसमें 70 से अधिक लोग मारे गए थे. दिसंबर 2014 में तालिबान आतंकवादियों ने पेशावर में एक सैन्य स्कूल पर हमला कर 150 से अधिक लोगों को मार डाला था जिनमें अधिकतर बच्चे थे. यह पाकिस्तान में हुआ सर्वाधिक भीषण हमला था. आज के हमले ऐसे समय में हुए हैं जब एक दिन पहले ही सैन्य प्रवक्ता ने कहा था कि पाकिस्तान ने अपनी धरती पर आतंकवादियों की संगठित मौजूदगी को नष्ट कर दिया है.सेना ने देश के अशांत कबीलाई इलाकों से आतंकवादियों का सफाया करने के लिए जून 2014 में आपरेशन ‘जर्ब ए अज्ब’ चलाया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >