Vikram Gokhale Health Update: पुणे के एक अस्पताल में भर्ती दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत अभी भी गंभीर है. उनकी पत्नी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. एक दिन पहले ही कई मीडिया संस्थानों ने गोखले के निधन की गलत खबर जारी कर दी थी. थियेटर, टेलीविजन और फिल्मों में समान रूप से काम करने वाले अभिनेता गोखले का यहां दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा है. वह 77 साल के हैं.
विक्रम गोखले की हालत पिछले 24 घंटों से गंभीर है
विक्रम गोखले की पत्नी वृशाली गोखले ने एक बयान में कहा कि उनके पति के “कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है”. वृशाली ने बृहस्पतिवार सुबह कहा, “विक्रम गोखले की हालत पिछले 24 घंटों से गंभीर है. डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं. उन पर उपचार का अपेक्षित असर नहीं हो रहा है.”
विक्रम गोखले वेंटिलेटर पर हैं
बुधवार रात को उनके निधन की अफवाहों को खारिज करते हुए अभिनेता की बेटी नेहा गोखले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके पिता ‘‘अभी जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और उनका देहांत नहीं हुआ है. उनके लिए प्रार्थना करते रहें.” अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि विक्रम गोखले वेंटिलेटर पर हैं और डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं.
मौत की खबरों का परिवार का खंडन
बुधवार को उनकी मौत की अफवाहें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी. हालांकि विक्रम के परिवार ने दिग्गज अभिनेता की मृत्यु के बारे में अफवाहों का खंडन किया. एएनआई के ट्वीट के अनुसार, “अनुभवी अभिनेता विक्रम गोखले की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और वो जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं. उनका अभी निधन नहीं हुआ है. उनके लिए प्रार्थना करते रहें.” बता दें कि विक्रम गोखले की बेटी ने इस बात की पुष्टि की.
Also Read: कंगना रनौत ने शेयर की श्रद्धा वॉल्कर की पुरानी चिट्ठी, बोलीं-उसने ब्रेनवॉश कैसे किया और उसे दिल्ली ले आया
“डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं”
उनके पारिवारिक मित्र, राजेश धामले ने संवाददाताओं को बताया, “डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, पर जटिलताएं बनी हुई हैं. हम आगे आपको उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते रहेंगे.” उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि उनकी सेहत को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें.” गोखले ने अमिताभ बच्चन अभिनीत “अग्निपथ” (1990), ‘‘हम दिल दे चुके सनम” (1999), “भूल भुलैया” (2007), “नटसम्राट” (2015) और “मिशन मंगल” (2019) सहित कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया है. उनकी हाल में रिलीज मराठी फिल्म “गोदावरी” थी.
