बजट 2023 : राजधानी, शताब्दी और दुरंतो के 1,000 से अधिक कोचों का नवीनीकरण, वंदे भारत ट्रेन की होगी शुरुआत

वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में रेलवे के लिए 2.40 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत परिव्‍यय उपलब्‍ध कराया गया है, जो रेलवे के लिए अब तक का सबसे अधिक पूंजीगत परिव्‍यय है. निर्मला सीतारमण ने कहा कि रेलवे को मौजूदा बजट प्रस्ताव में उपलब्ध कराया गया परिव्यय, 2013-14 में कुल पूंजीगत परिव्‍यय का लगभग 9 गुना है.

नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2023-24 के लोकसभा में बुधवार को पेश किए गए बजट में रेलवे के लिए अब तक के सबसे अधिक पूंजीगत परिव्यय का प्रस्ताव किया है. बजट में रेलवे के लिए करीब 2.40 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया है, जो वित्त वर्ष 2013-14 के कुल पूंजीगत परिव्यय से करीब 9 गुना अधिक है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस साल के बजट में राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और हमसफर जैसी ट्रेनों के लिए 1,000 से अधिक कोचों के नवीनीकरण की योजना बनाई गई है. इसके साथ ही, नई सेमी हाई स्पीड ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के निर्माण और उसके संचालन की योजना भी बनाई गई है.

2013-14 के मुकाबले नौ गुना अधिक खर्च

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 के आम बजट में रेलवे के लिए 2.40 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत परिव्‍यय उपलब्‍ध कराया गया है, जो रेलवे के लिए अब तक का सबसे अधिक पूंजीगत परिव्‍यय है. निर्मला सीतारमण ने कहा कि रेलवे को मौजूदा बजट प्रस्ताव में उपलब्ध कराया गया परिव्यय, 2013-14 में कुल पूंजीगत परिव्‍यय का लगभग 9 गुना है.

कोचों के आतंरिक हिस्से होंगे अत्याधुनिक

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि रेल में सफर करने वाले यात्रियों की बढ़ती उम्मीदों के साथ रेलवे राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, हमसफर और तेजस जैसी प्रमुख ट्रेनों के 1,000 से अधिक कोच के नवीनीकरण की योजना बना रहा है. उन्होंने कहा कि इन कोच के आंतरिक हिस्सों को अत्याधुनिक बनाया जाएगा और यात्रियों के आराम के हिसाब से इसमें सुधार किया जाएगा.

नई वंदे भारत ट्रेन की होगी शुरुआत

इसके साथ ही, रेलवे की पुरानी पटरियों को बदलने के लिए महत्वपूर्ण आवंटन किए जाने की संभावना है, क्योंकि रेलवे ट्रेनों को गति देने तथा अधिक स्थानों के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत करने की योजना बना रहा है. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रेलवे 100 और विस्टाडोम कोच बनाने का प्रस्ताव कर रहा है. इस बजट में सरकार ने हाइड्रोजन ईंधन आधारित 35 ट्रेन, साइड एंट्री के साथ 4,500 नए डिजाइन वाले ऑटोमोबाइल वाहक कोच, पांच हजार एलएचबी कोच और 58,000 वैगन के निर्माण का का प्रस्ताव दिया है.

Also Read: Union Budget 2023: भविष्य की ओर देखता बजट
रेलवे का कुल राजस्व खर्च 2.65 करोड़ रुपये

बजट दस्तावेज के अनुसार, वर्ष 2023-24 के बजट अनुमान में रेलवे का सकल राजस्व व्यय 2,65,000 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2022-23 के संशोधित अनुमान में 2,42,892.77 करोड़ रुपये रहा था. बजट अनुमान 2023-24 में पूंजीगत व्यय के लिए 2,60,200 करोड़ रुपये प्रदान किए गए, जिसमें 2,40,000 करोड़ रुपये सामान्य राजस्व से, 200 करोड़ रुपये निर्भया कोष से, 3000 करोड़ रुपये आंतरिक संसाधन से और 17,000 करोड़ रुपये आंतरिक और अतिरिक्त बजटीय संसाधन से जुटाए गए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >