Bihar: रात 2 बजे तक डॉक्टर ने ICU में देखा मरीज, सुबह चेंबर में मृत पाये गये, अस्पताल में फैली सनसनी

मैक्स- 7 में तीन साल से कार्डियोलाजिस्ट के तौर पर तैनात डॉक्टर सोमनाथ मुखर्जी की रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी. देर रात तक आइसीयू में मरीज को देखने के बाद डॉक्टर अपने चेंबर गये. जहां सुबह वो मृत पाए गये.

पूर्णिया. शहर के मैक्स-7 अस्पताल में कार्यरत डीएम कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. सोमनाथ मुखर्जी की रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी. हैरत की बात यह है कि सोमवार की देर रात तक डॉक्टर ने अस्पताल के आइसीयू में ड्यूटी की थी. रात दो बजे रोगी देखने के बाद वे अपने चेम्बर में चले गये, जहां मंगलवार की सुबह अस्पताल कर्मियों ने उन्हें मृत पाया. घटना के बाद अस्पताल में सनसनी फैल गयी.

मौत मामले की होगी जांच

सूचना के बाद के.हाट थाने की पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ एसके.सरोज अस्पताल पहुंचे. इसी दौरान एफएसएल की टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच की. सदर एसडीपीओ ने बताया कि साक्ष्य के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट खुलासा हो जायेगा. उन्होंने बताया कि डॉक्टर के कमरे से बेहोशी की कुछ दवा और स्लाइन सेट मिले हैं.

मोबाइल पर हॉट टॉक होने की बात सामने

बताया जाता है कि रविवार से ही वे मानसिक रूप से कुछ बीमार नजर आ रहे थे. बावजूद इसके सोमवार की देर रात तक उन्होंने आइसीयू में रोगियों को देखा भी था. अनुसंधान में यह भी पता चला है कि सोमवार की शाम में डॉक्टर की किसी शख्स से मोबाइल पर हॉट टॉक हो रहा था.

Also Read: Bihar News: घर के सामने चर रही बकरियों पर तेंदुआ का हमला, शिकार करते देख चिल्लाया पशुपालक, और फिर…
मोबाइल की होगी जांच

पुलिस ने बताया कि मृतक के मोबाइल को जब्त कर उसका सीडीआर खंगाला जायेगा. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन पूर्णिया पहुंच चुके हैं. उनके आवेदन के आधार पर घटना की प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. डॉक्टर के चेंबर की जांच की गयी, वहां से सुसाइड नोट नहीं मिला है. इस हादसे से अस्पताल प्रबंधन मर्माहत है.

आठ माह पूर्व हुई थी शादी

अस्पताल के कर्मियों ने बताया कि मृतक डॉ. सोमनाथ मुखर्जी (35 वर्ष) कोलकाता के निवासी थे. आठ माह पूर्व उनकी शादी हुई थी. वे विगत तीन वर्ष से अस्पताल में कार्यरत थे और पूर्णिया के लाइन बाजार में किराये के मकान में अकेले रहते थे. मौत की घटना के बाद दोपहर में मृतक के रिश्तेदार, जो किशनगंज में भी रहते हैं, अस्पताल पहुंचे. उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम जीएमसीएच में कराया गया. घटना के संबंध में रिश्तेदारों ने किसी प्रकार की जानकारी देने से कतराते रहे.

वैवाहिक जिंदगी को लेकर सवाल

वहीं कयास लगाये जा रहे हैं कि शादी के बाद मृतक के वैवाहिक जिंदगी कुछ ठीक नहीं चल रही थी. लोग यही कह रहे हैं कि आखिर क्या ऐसा हो गया, जिससे आवेश में आकर डॉक्टर ने सुसाइड कर लिया. आखिर किस शख्स से डॉक्टर का मोबाइल पर बकझक हुई थी. क्या अगला शख्स उनकी पत्नी थी या फिर कोई और. बहरहाल पुलिस सभी मामले को खंगालने में जुट गयी है. घटना के देर शाम तक मृतक की पत्नी कोलकाता से पूर्णिया नहीं पहुंची थी.

POSTED BY: Thakur Shaktilochan

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >