Exclusive: ढाका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दूसरी बार मेरी मूवी का हुआ चयन, काफी खुशी है- निरंजन कुजूर

झारखंड के फिल्मकार निरंजन कुजूर की शॉर्ट फिल्म 'तीरे बेंधो ना' को 22वें ढाका अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होने के लिए चुना गया है. इसको लेकर निरंजन ने कहा, यह दूसरी बार है जब मेरी किसी फिल्म का चयन हुआ है. जाहिर है मैं बहुत खुश हूं. ढाका जाने की तैयारी कर रहा हूं.

झारखंड के लिए काफी गर्व की बात है, क्योंकि यहां के युवा फिल्मकार निरंजन कुजूर की शॉर्ट फिल्म ‘तीरे बेंधो ना’ को 22वें ढाका अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में ‘शॉर्ट एंड इंडिपेंडेंट’ खंड में प्रदर्शित होने के लिए चुना गया है. ये महोत्सव 20 से 28 जनवरी, 2024 तक ढाका में आयोजित किया जाएगा. फेस्टिवल रेनबो फिल्म सोसाइटी की ओर से किया जाता है, जो बांग्लादेश के फिल्म समाज आंदोलन में सबसे सक्रिय फिल्म संस्थाओं में से एक है. अब शॉर्ट फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर निरंजन कुजूर से खास बातचीत के कुछ अंश…

आपकी फिल्म 22वें ढाका अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की स्क्रीनिंग के लिए चुना गया, इसके बारें में क्या कहना है?

यह दूसरी बार है जब मेरी किसी फिल्म का चयन ढाका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चयन हो रहा है. इससे पहले 2019 में ‘दिबी दुर्गा’ का प्रदर्शन हुआ था. ढाका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, बांग्लादेश की सबसे प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव है, जिसमें दुनिया भर से लगभग 70 देशों की फिल्में भाग लेती हैं और इस बार तो इस महोत्सव में ईरान के सबसे बड़े फिल्मकारों में शुमार माजिद मजीदी भी मास्टर क्लास लेने के लिए शिरकत कर रहे हैं, तो जाहिर है मैं बहुत खुश हूं. ढाका जाने की तैयारी कर रहा हूं.

क्या कभी आपने सोचा था कि ढाका तक आपकी फिल्म का डंका बजेगा?

जी, फिल्में तो यह सब सोच कर नहीं बनाई जाती की फिल्म कहां तक जाएगी, पर इतना पता होता है कि अगर आप पूरी शिद्दत से फिल्म करते हैं तो किसी ना किसी स्तर पर सफलता हाथ लगती ही है. आपके लिखे कहानी और किरदारों को पसंद किया जाए तो अच्छा लगता है. अब तक यह फिल्म भारत के कई फिल्म महोत्सवों के साथ-साथ फ़्रांस, नेपाल में भी दिखाई जा चुकी है. अब बांग्लादेश में भी दिखाई जाएगी. कुल मिलाकर हर छोटी-बड़ी सफलता खुशी देती है.

झारखंड से इतने बड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचने तक के सफर में क्या मुश्किलें आई? फिल्म को बनाने में कितनी मेहनत लगी

यह फिल्म कोविड काल के तीसरे वेव के शुरुआती दिनों में शूट की गई थी. तब लॉकडाउन नहीं लगा था. शूटिंग खत्म होते ही पता चला कि टीम के कई सदस्य कोविड पॉजिटिव हैं. इनमें हमारे लीड एक्टर अर्घ्य रॉय, फिल्म के एडिटर ज्योति रंजन रथ और मेरे असिस्टेंट डायरेक्टर शेषांक जायसवाल भी थे. हम सब डरे हुए थे, क्योंकि तीसरा वेव घातक रहा था. शुक्र है सभी एक महीने बाद स्वस्थ हो गये. जहां तक झारखंड से होने के नाते मेरी अबतक की फिल्मी सफर की बात है, तो मुश्किलें अब भी हैं, कुछ खास बदलाव सिनेमा के क्षेत्र में नहीं दिखलाई पड़ता है. सिनेमाई दौड़ में झारखंड संसाधनों और सपोर्ट के अभाव में अब भी काफी पीछे है. पर फिर भी मैं पॉजिटिव हूं की आने वाले समय में कुछ ठोस होगा.

आपने तीरे बेंधो ना के बारे में कैसे सोचा था

तीरे बेंधो ना की कहानी एक बांग्ला समाचार पत्र में छपे एक समाचार पर आधारित है. फिल्म के सिनेमेटोग्राफर जयदीप भौमिक ने जब यह खबर पढ़ी तो वह उन्हें मेरे पास ले आए. हमें लगा कि इस घटना पर फिल्म बननी चाहिए, क्योंकि अमूमन इस मुद्दे पर फिल्म करने से लोग घबराते हैं. इसी कहानी के इर्द गिर्द मैंने किरदारों को बुनकर पटकथा लिखी है.

फिल्म किस-किस जगह शूट हुई है?

फिल्म की ज्यादातर शूटिंग पश्चिम बंगाल के फ्रेजरगंज इलाके में हुई है. जहां की मूल आबादी समुंदर में मछली पकड़कर अपना जीवन यापन करते हैं. वहीं पर बक्खाली नाम का बीच है, जहां सैलानियों का आना जाना लगा रहता है. शेष भाग को हमने कोलकाता में फिल्माया है.

आप अपने बारे में कुछ बताइए, पढ़ाई से लेकर फिल्म तक का सफर

मेरी दसवीं तक की स्कूलिंग रांची के बिशप वेस्टकोट बॉयज स्कूल में हुई. उसके बाद मैंने अपनी 12+2 की पढ़ाई डीएवी हेहल में की है. मास कॉम की पढ़ाई करने मैं कर्नाटक चला गया और उसके बाद मैंने पोस्ट ग्रेजुएशन सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता से निर्देशन और पटकथा लेखन में की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashish Lata

आशीष लता डिजिटल मीडिया की अनुभवी पत्रकार हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के साथ एंटरटेनमेंट हेड के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया इंडस्ट्री में करीब 7 साल का अनुभव रखने वाली आशीष ने एंटरटेनमेंट से लेकर देश-दुनिया और विभिन्न राज्यों की खबरों पर गहराई से काम किया है. बिहार, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों से जुड़ी खबरों के कंटेंट प्रोडक्शन में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है. वह खबरों को आसान, रोचक और पाठकों की रुचि के अनुसार पेश करने के लिए जानी जाती हैं. एंटरटेनमेंट जर्नलिज्म में आशीष की खास दिलचस्पी सिनेमा और सितारों की दुनिया से जुड़ी खबरों में रही है. वह बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की थ्रोबैक स्टोरीज, BTS अपडेट्स, सेलेब्रिटी गॉसिप, बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट, टीवी शोज, वेब सीरीज और स्टार इंटरव्यू जैसे विषयों पर लगातार लिखती रही हैं. इसके अलावा स्पेशल और प्रीमियम न्यूज कंटेंट तैयार करने में भी उनकी खास विशेषज्ञता मानी जाती है. उनकी राइटिंग स्टाइल में फैक्ट्स, एंटरटेनमेंट वैल्यू और रीडर्स फर्स्ट अप्रोच का अच्छा संतुलन देखने को मिलता है. आशीष लता ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्लस न्यूज से की थी. यहां उन्होंने बिहार में एंकर और रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए कई महत्वपूर्ण ग्राउंड रिपोर्ट्स कीं. इस दौरान उन्होंने अशोक चौधरी और नगर निगम अध्यक्ष जैसे कई प्रमुख नेताओं के इंटरव्यू भी किए. शुरुआती दौर में रिपोर्टिंग और फील्ड जर्नलिज्म के अनुभव ने उनकी लेखन शैली और न्यूज प्रेजेंटेशन को और मजबूत बनाया. इसके बाद आशीष ने एबीपी न्यूज और ईटीवी भारत जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में रहते हुए उन्होंने न्यूज कवरेज, डिजिटल कंटेंट और एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग के कई अलग-अलग फॉर्मेट्स पर काम किया. लगातार बदलते डिजिटल मीडिया ट्रेंड्स को समझते हुए उन्होंने अपने कंटेंट को हमेशा ऑडियंस फ्रेंडली और SEO ऑप्टिमाइज्ड बनाए रखा. पटना में जन्मी आशीष लता की शुरुआती पढ़ाई पटना सेंट्रल स्कूल, सीबीएसी से हुई. इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन की डिग्री हासिल की. आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास्टर्स ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया किया. उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और मीडिया अनुभव उन्हें हिंदी पत्रकारिता के उन मूल सिद्धांतों की मजबूत समझ प्रदान करते हैं, जो जर्नलिज्म के बेसिक प्रिंसिपल 5Ws+1H यानी पर आधारित न्यूज राइटिंग के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >