हजारीबाग के 5 केंद्रों पर मंगलवार से मदरसा एवं मध्यमा की परीक्षा होगी शुरू
हजारीबाग : जिले में मदरसा एवं मध्यमा (संस्कृत) परीक्षा एक साथ मंगलवार (छह जून) से पांच परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट नियुक्त होंगे. सफल संचालन एवं कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर दर्जनों शिक्षक को वीक्षक बनाया गया है. सभी वीक्षक परीक्षा की देखरेख करेंगे. डीईओ उपेंद्र नारायण ने सोमवार को बताया कि मदरसा परीक्षा वस्तानियां से मौलवी एवं अलीम (पास) से फाजिल परीक्षा के लिए शहर में दो एवं बरही अनुमंडल में दो मिलाकर चार परीक्षा केंद्र बनाया गया है. इसमें केबी उच्च विद्यालय, हजारीबाग हाई स्कूल, प्लस टू बरही एवं परियोजना बालिका उच्च विद्यालय बरही परीक्षा केंद्र शामिल है. वहीं, माध्यम के लिए बिहार बालिका स्कूल को एक मात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया है. मदरसा परीक्षा 13 जून एवं मध्यमा परीक्षा 15 जून तक चलेगा. दोनों परीक्षा में लगभग 450 से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं. संस्कृत स्कूल के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण कुमार ने बताया कि प्रैक्टिकल परीक्षा दो से पांच जून के बीच संपन्न कर लिया गया है.