टी20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत को बड़ी जीत दिलाने पर महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से लेकर कई भारतीय दिग्गजों ने विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी की तारीफ की है. दरअसल, विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 53 गेंद में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन की बेहतरीन पारी खेलकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलायी. जिसके बदौलत भारत ने मेलबर्ल में पाकिस्तान को 4 विकेट से मात दी.
विराट की अबतक की सर्वश्रेष्ठ पारी: सचिन
विराट कोहली ने इसे टी20 क्रिकेट में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी करार देते हुए कहा कि ‘इस एहसास को बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है.’ वहीं भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले विराट कोहली की तारीफ करते हुए सचिन तेंदुलकर ने लिखा, ‘यह निस्संदेह विराट के जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी थी. आपको खेलते हुए देखना सुखद था, 19वें ओवर में रऊफ के खिलाफ लॉन्ग ऑन पर बैकफुट पर छक्का शानदार था!’ सचिन ने एक और ट्विट में लिखा, ‘एक रोमांचक खेल जिसने भारत के टी20 वर्ल्डकप अभियान को खूबसूरत बना दिया है. कई खिलाड़ियों द्वारा अहम योगदान लेकिन विराट के साथ हार्दिक की साझेदारी का विशेष उल्लेख जो उनके लिए बेहद अहम था.’
आखिर तक मैदान में डटे रहे किंग कोहली
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं थी. केएल राहुल (4) रोहित शर्मा (4) और सूर्यकुमार यादव (15) और अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए. भारत अपने 4 विकेट 31 रन पर गवां चुका था. इसके बाद विराट कोहली ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी कर 113 रनों की साझेदारी की. जीत के करीब पहुंची भारतीय टीम को हार्दिक पांड्य के रूप में एक और झटका लगा, जिससे मैच और रोमांचक हो गया. यहां दोनों टीमें जीत सकती थी. लेकिन आखिर तक क्रीज पर टिके रहे किंग विराट ने भारत की उम्मीद नहीं खोने दी. भारत ने आखिरी गेंद पर 1 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया.
भारतीय गेंदबाजों ने भी किया कमाल
इससे पहले भारतीय गेंदबाजो ने भी शानदार प्रदर्शन किया था. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 4 ओवरों में 32 रन देकर 3 विकेट चटकाये. अर्शदीप ने मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम जैसे पाकिस्तान के बड़े बल्लेबाज को आउट किया. वहीं हार्दिक पांड्या ने 4 ओवरों में 30 रन देकर 3 विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 22 रन देकर 1 विकेट झटके. आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अब भारतीय टीम 27 अक्टूबर को नीदरलैंड की टीम से भिड़ेगी.
Also Read: IND vs PAK, T20 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से रौंदा, विराट कोहली ने बनाये नाबाद 82 रन
