छत्तीसगढ़ : विधानसभा चुनाव से पहले दंतेवाड़ा में 8 नक्सलियों ने किया सरेंडर, अन्य चार गिरफ्तार

दंतेवाड़ा के एसपी ने कहा कि नक्सलियों में से मारजुम पंचायत मिलिशिया कमांडर मंगदु कुहदामी (43) और टेटम पंचायत क्षेत्र में क्रांतिकारी महिला आदिवासी संगठन का नेतृत्व करने वाली कुमारी लखमे पर एक-एक लाख रुपए का इनाम था. उन्होंने बताया कि सभी आठ नक्सली कटेकल्याण इलाके में सक्रिय थे.

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले दंतेवाड़ा जिले में तीन महिला समेत आठ नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है. इसके अलावा चार नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि पुलिस के सामने शुक्रवार को आत्मसमर्पण करने वाले आठ नक्सली कटेकल्याण इलाके में सड़कों को नुकसान पहुंचाने, नक्सली पोस्टर तथा बैनर लगाने और नक्सली नेताओं के लिए रेकी करने जैसी घटनाओं में शामिल थे.

खोखली नक्सली विचारधारा से निराश होकर किया सरेंडर

एसपी ने कहा कि शनिवार को गिरफ्तार किए गए चार अन्य नक्सली पिछले साल अरनपुर इलाके में गोलीबारी और विस्फोट करने की एक घटना में शामिल थे. गौरव राय ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले आठ नक्सलियों ने दावा किया कि वे पुलिस के ‘लोन वर्राटू’ पुनर्वास अभियान से प्रभावित और ‘खोखली’ नक्सली विचारधारा से निराश थे.

दो नक्सली पर था एक-एक लाख रुपए का इनाम

दंतेवाड़ा के एसपी ने कहा कि इन नक्सलियों में से मारजुम पंचायत मिलिशिया कमांडर मंगदु कुहदामी (43) और टेटम पंचायत क्षेत्र में क्रांतिकारी महिला आदिवासी संगठन (नक्सलियों की अग्रणी शाखा) का नेतृत्व करने वाली कुमारी लखमे पर एक-एक लाख रुपए का इनाम था. उन्होंने बताया कि सभी आठ नक्सली कटेकल्याण इलाके में सक्रिय थे.

Also Read: छत्तीसगढ़ : बीजापुर में मुठभेड़ के बाद नक्सली कैंप ध्वस्त, सुकमा में दो नक्सलियों ने किया सरेंडर

जंगल से चार नक्सलियों को पकड़ा गया

एसपी गौरव राय ने कहा कि एक अन्य घटना में, राज्य पुलिस की इकाइयों-डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स के एक संयुक्त दल ने शनिवार को एक तलाशी अभियान के दौरान अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोंडेरस गांव के पास एक जंगल से चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया सूचना के आधार पर पोटाली, काकाडी और गोंडेरास गांवों में अभियान चलाया गया था.

भाग रहे नक्सलियों का पीछा कर दबोचा

अधिकारी ने बताया कि गश्त लगा रहे दल को देखते ही चारों नक्सलियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया. उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान, चारों ने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े होने की बात ‘स्वीकार’ की. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों नक्सलियों के नाम रवा मुका (25), मुका कलमू (23), हिडमा रावा (32) और माडवी भीमा (30) हैं.

अगस्त में सुकमा में नक्सली दंपती ने किया था सरेंडर

अधिकारी ने कहा कि ये पिछले साल अरनपुर इलाके में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए गोलीबारी करने और विस्फोट करने की घटना में शामिल थे. इससे पहले, अगस्त में बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र के बारेगुड़ा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया था. वहां से विस्फोटक बरामद किए थे. दम्मूर और बारेगुड़ा गांव के जंगल में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के लगभग 25 नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई की थी. वहीं, सुकमा जिले में नक्सली दंपती ने सरेंडर कर दिया था. दोनों पर एक-एक लाख रुपये का सरकार ने इनाम घोषित कर रखा था.

Also Read: छत्तीसगढ़: सुकमा में मुठभेड़ जारी, 30-40 नक्सलियों के मौजूद होने की खबर, सुरक्षाबलों ने चार को किया ढेर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >