हुगली (मुरली चौधरी): पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य में उपचुनाव की संभावना नहीं है. शुक्रवार को चुंचुड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में हुगली सांगठनिक जिला की बैठक के लिए यहां आये शुभेंदु ने ये बातें कहीं.
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ जाती और सभी लोगों का टीकाकरण नहीं हो जाता, तब तक राज्य में उपचुनाव की कोई संभावना नहीं है. उन्होंने कहा कि लोकल ट्रेन नहीं चल रही है, जिसका मतलब है कि पश्चिम बंगाल में अभी भी कोविड-19 की दूसरी लहर मौजूद है.
बंगाल चुनाव से पहले तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य सरकार का एक प्रकोष्ठ कोरोना की संख्या को कम करने के लिए काम कर रहा है. हमें लगता है कि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु पर मद्रास हाइकोर्ट की टिप्पणी नहीं बदली है. उपचुनाव के लिए इतनी जल्दी क्यों है?
भाजपा उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बदल सकती है, तो ममता बनर्जी की सरकार में 210 से 212 विधायक हैं. उनमें से एक को मुख्यमंत्री बनाया ही जा सकता है. उन्होंने तृणमूल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है. शुभेंदु ने कहा कि टीएमसी के कुछ लोग अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बहुत से लोग रोटी के लिए भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं. ऐसे लोगों के शरीर भले ही टीएमसी में जा रहे हैं, लेकिन उनका मन भाजपा से ही जुड़ा है. जब भी चुनाव आयेगा, हमें उम्मीद है कि हम फिर से उन्हें अपनी पार्टी में पायेंगे.
Also Read: ममता बनर्जी के चुनाव लड़ने का रास्ता साफ, भवानीपुर समेत बंगाल की 7 विधानसभा और दो राज्यसभा सीट पर उपचुनाव पर फैसला जल्द
चुंचुड़ा में शुभेंदु ने इन मुद्दों पर की चर्चा
दिन में 11 बजे से 1 बजे तक पार्टी कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें पिछले छह विधानसभा सीटों पर भाजपा को मिले वोटों की समीक्षा और भविष्य में पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक में हुगली सांगठनिक जिला के सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष शामिल हुए. मंडल स्तर के सभी कार्यकर्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मीटिंग में शामिल हुए.
https://www.youtube.com/watch?v=csVgH9dl3CY&t=1s
Posted By: Mithilesh Jha
