कुशीनगर के बाबर को बीजेपी की जीत का जश्न मनाने पर रिश्तेदारों ने पीटकर मार डाला, सीएम योगी ने जताया शोक

बाबर ने 10 मार्च को बीजेपी की सरकार बनने के बाद पूरे गांव में मिठाई भी बांटी थी. इससे उसके खानदान के लोग भड़क गए थे. बाबर जब बीजेपी का प्रचार कर रहा था तब भी उसके पट्टीदार के लोग कई बार धमका चुके थे. बाबर ने रामकोला थाने से लेकर कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पास गुहार भी लगाई थी लेकिन...

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है. मगर चुनावी रंजिश वाली खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का जश्न मनाने के लिए एक मुस्लिम युवक को उसके खानदान के लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला. इस आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, मामले की जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए मामले की तेजी से जांच के आदेश दिए हैं.

पहले भी कई बार दे चुके थे धमकी

दरअसल, कुशीनगर में मुस्लिम समुदाय के युवक बाबर को उसके ही पट्टीदारों ने सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि उसने विधानसभा चुनाव में बीजेपी का प्रचार किया था. इतना ही नहीं बाबर ने 10 मार्च को बीजेपी की सरकार बनने के बाद पूरे गांव में मिठाई भी बांटी थी. इससे उसके खानदान के लोग भड़क गए थे. बाबर जब बीजेपी का प्रचार कर रहा था तब भी उसके पट्टीदार के लोग कई बार धमका चुके थे. बाबर ने रामकोला थाने से लेकर कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पास गुहार भी लगाई थी लेकिन कहीं उसकी बात नहीं सुनी गई. यह लापरवाही भारी पड़ी और 25 मार्च को उसकी मौत हो गई.


सीएम योगी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बाबर गंभीर रूप से घायल हो गया था. 25 मार्च को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, इस मामले की जानकारी जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हुई तो उन्होंने ट्वीट कर अपनी शोक संवेदना प्रकट करते हुए संदेश दिया. मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट किया गया, ‘कुशीनगर के कठघरही गांव के बाबर जी की लोगों द्वारा पिटाई से हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मामले की गहनता से निष्पक्ष जांच हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.’

Also Read: UP: कुशीनगर में कोहराम, घर के बाहर खेल रहे बच्चों को ‘जहरीली’ टॉफी दे गया अनजान, चार मासूमों की हुई मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >