कौन सा Vivo फोन है बेस्ट? देखिए V70 और V70 FE का पूरा कंपैरिजन

अगर आप भी Vivo V70 FE और V70 दोनों मॉडल्स के बीच कन्फ्यूज हैं, कि कौन सा आपके लिए बेहतर ऑप्शन है, तो यहां दोनों मॉडल्स के बीच की गई तुलना आपको सही मॉडल चुनने में मदद करेगी.

Vivo ने अपनी V70 Series में नया और किफायती स्मार्टफोन Vivo V70 FE लॉन्च किया है, जो सीधे Vivo V70 को टक्कर देता है. एक तरफ V70 प्रीमियम डिजाइन, बेहतर परफॉर्मेंस और एडवांस कैमरा देता है, वहीं V70 FE कम कीमत में जरूरी फीचर्स के साथ एक बैलेंस्ड पैकेज पेश करता है. ऐसे में अब असली सवाल यह है कि क्या थोड़ा पैसा बचाने के लिए V70 FE चुनना सही रहेगा या फिर V70 पर ज्यादा खर्च करना वाकई में बेहतर डील है? आइए जानते हैं यहां की गई दोनों मॉडल्स के बीच तुलना से.

कीमत और उपलब्धता

Vivo V70 FE की सेल 9 अप्रैल से Flipkart, Amazon और अन्य स्टोर्स पर शुरू होगी. कीमत कि बात करें, तो यह मॉडल तीन वेरिएंट्स में आता है-

  • 8GB RAM + 128GB स्टोरेज- 37,999 रुपये
  • 8GB RAM + 256GB स्टोरेज- 40,999 रुपये
  • 12GB RAM + 256GB स्टोरेज- 44,999 रुपये

Vivo V70 पहले से ही सेल के लिए उपलब्ध है. इसकी कीमत-

  • 8GB RAM + 256GB स्टोरेज- 45,999 रुपये
  • 12GB RAM + 256GB स्टोरेज- 49,999 रुपये

Vivo V70 FE vs Vivo V70: डिजाइन

डिजाइन कि बात करें, तो Vivo V70 FE में कंपनी ने नया डिजाइन दिया है. इसमें पहले की तरह स्क्वायर कैमरा नहीं, बल्कि वर्टिकल (पिल-शेप) कैमरा मॉड्यूल मिलता है, जिसमें कैमरा रिंग्स और Aura लाइट एक लाइन में लगे हैं. यह फोन Northern Light Purple और Monsoon Blue जैसे नए कलर ऑप्शन में आता है, जिनमें बैक पैनल अलग-अलग लाइट में शेड बदलता है.

वहीं Vivo V70 ज्यादा प्रीमियम फील देता है. यह साइज में थोड़ा छोटा और हल्का है और इसमें मेटल फ्रेम मिलता है, जिससे हाथ में पकड़ने पर बेहतर क्वालिटी महसूस होती है.

आसान शब्दों में कहा जाए, तो अगर आप स्टाइलिश और यूनिक लुक चाहते हैं, तो V70 FE अच्छा है, लेकिन प्रीमियम फील और बेहतर बिल्ड चाहिए तो V70 बेहतर रहेगा.

Vivo V70 FE vs Vivo V70: डिस्प्ले

Vivo V70 FE में बड़ा 6.83-इंच AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें 1.5K रेजोल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट है. इसकी ब्राइटनेस भी काफी ज्यादा है, जिससे बाहर धूप में भी स्क्रीन साफ दिखती है.

Vivo V70 में थोड़ा छोटा 6.59-इंच AMOLED डिस्प्ले है, लेकिन इसकी क्वालिटी लगभग वही है. यानी दोनों फोन में देखने का एक्सपीरियंस शानदार मिलेगा.

हालांकि, फिंगरप्रिंट में थोड़ा फर्क देखने को मिलेगा. V70 में अल्ट्रासोनिक सेंसर (फास्ट और ज्यादा एक्यूरेट) मिलेगा, जबकि V70 FE में ऑप्टिकल सेंसर (थोड़ा स्लो और नीचे पोजिशन में) मिलेगा.

यानी कि बड़ी स्क्रीन के लिए V70 FE बेहतर है, लेकिन फास्ट और बेहतर फिंगरप्रिंट अनलॉक चाहिए तो V70 अच्छा ऑप्शन है.

Vivo V70 FE vs Vivo V70: कैमरा

कैमरे के मामले में Vivo V70 और Vivo V70 FE में बड़ा अंतर है.

Vivo V70 में Zeiss के साथ ट्रिपल कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें OIS सपोर्ट के साथ 50MP प्राइमरी कैमरा, 8MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP टेलीफोटो (3x ज़ूम) मिलेगा. फ्रंट में भी 50MP सेल्फी कैमरा दिया गया है

Vivo V70 FE में OIS सपोर्ट के साथ 200MP प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.

ऐसे में अगर आपको वर्सेटाइल कैमरा (जूम, अलग-अलग शॉट्स) चाहिए तो V70 बेहतर ऑप्शन है, लेकिन अगर आपको डिटेल वाली फोटो और सिंपल यूज के लिए कैमरा चाहिए तो V70 FE भी अच्छा ऑप्शन है.

Vivo V70 FE vs Vivo V70: प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

परफॉर्मेंस के मामले में Vivo V70 और Vivo V70 FE के बीच साफ अंतर है.

Vivo V70 में जहां Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो ज्यादा पावरफुल है और गेमिंग, मल्टीटास्किंग व ऐप्स को तेजी से हैंडल करता है.

V70 FE में Dimensity 7340 Turbo प्रोसेसर मिलता है, जो रोजमर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया, वीडियो और कॉल के लिए काफी अच्छा है, लेकिन लंबे समय तक गेमिंग या भारी इस्तेमाल में थोड़ा पीछे रह सकता है.

दोनों फोन में 12GB तक RAM और 256GB स्टोरेज मिलती है, लेकिन V70 में फास्ट UFS 4.1 स्टोरेज होने से इसकी स्पीड बेहतर रहती है.

सॉफ्टवेयर के मामले में दोनों स्मार्टफोन लगभग एक जैसे हैं. Vivo V70 और V70 FE दोनों ही Android 16 पर बेस्ड Origin OS 6 के साथ आते हैं. कंपनी इन फोनों के लिए 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट और 4 बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट देगी, जिससे ये लंबे समय तक अपडेटेड और सुरक्षित रहेंगे. मतलब सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस में आपको दोनों में कोई खास फर्क महसूस नहीं होगा.

Vivo V70 FE vs Vivo V70: बैटरी

Vivo V70 FE और Vivo V70 दोनों ही बड़ी बैटरी वाले फोन हैं, लेकिन FE थोड़ा आगे निकलता है.

V70 FE में 7000mAh बैटरी दी गई है, जबकि V70 में 6500mAh बैटरी दी गई है. कंपनी के अनुसार, V70 FE करीब 1 घंटा ज्यादा बैकअप दे सकता है.
हालांकि, चार्जिंग के मामले में दोनों बराबर हैं. दोनों में 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है. साथ ही रिवर्स चार्जिंग और बायपास चार्जिंग फीचर भी मिलता है.

ऐसे में अगर आपको अच्छा बैटरी बैकअप चाहिए, तो V70 FE अच्छा ऑप्शन है.

किसके लिए कौन सा फोन बेहतर?

अगर आप ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जो गेमिंग, हैवी मल्टीटास्किंग और परफॉर्मेंस के मामले में फास्ट और स्मूद हो, तो Vivo V70 आपके लिए बेहतर ऑप्शन है. इसमें आपको ज्यादा पावरफुल प्रोसेसर, बेहतर कैमरा सेटअप (खासकर जूम के लिए), प्रीमियम डिजाइन और तेज फिंगरप्रिंट सेंसर मिलता है. यानी अगर आप परफॉर्मेंस और प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो V70 पर जाना सही रहेगा.

हालांकि, अगर आपकी प्रायोरिटी लंबी बैटरी लाइफ, बड़ी स्क्रीन और कम बजट में अच्छा फोन लेना है, तो Vivo V70 FE एक समझदारी भरा ऑप्शन है. यह फोन रोजमर्रा के इस्तेमाल जैसे सोशल मीडिया, वीडियो और कॉल के लिए बढ़िया है और इसमें जरूरी फीचर्स भी मिल जाते हैं. यानी अगर आप पैसे बचाते हुए बैलेंस्ड फोन चाहते हैं, तो V70 FE आपके लिए सही रहेगा.

यह भी पढ़ें: Google Pixel 10a vs OPPO Reno 15: 50 हजार से कम में कौन सा फोन है ज्यादा दमदार?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >