Vivo ने भारत में अपना नया प्रीमियम स्मार्टफोन Vivo V70 Elite लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 51,999 रुपये रखी गई है, जिससे यह V-Series में अब तक का सबसे महंगा फोन बन गया है. लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ महंगा है, या वाकई “Elite” भी है? अगर आप इस मॉडल को खरीदने को सोच रहे हैं, तो फिर जानिए यहां इसे किन वजहों से खरीदना सही है और किन कारणों से नहीं.
खरीदने के कारण
मॉडर्न और प्रीमियम डिजाइन
Vivo V70 Elite में इस बार कर्व्ड डिस्प्ले की जगह फ्लैट डिजाइन दिया गया है, जिससे पकड़ ज्यादा मजबूत और आरामदायक हो जाती है. फ्लैट साइड्स की वजह से एक्सीडेंटल टच की प्रॉब्लम भी कम होती है. फोन में एल्युमिनियम फ्रेम और हल्के राउंडेड कॉर्नर दिए गए हैं, जो इसे प्रीमियम फील देते हैं. सिर्फ 7.59mm की थिकनेस और 179 ग्राम वजन के साथ, 6,500mAh बैटरी होने के बावजूद यह फोन हल्का और स्लिम लगता है.
यह तीन कलर्स Passion Red, Sand Beige और Authentic Black में अवेलेबल है. Passion Red वेरिएंट खास तौर पर ज्यादा अट्रैक्टिव लगता है.
स्मूद परफॉर्मेंस
Vivo V70 Elite, V-सीरीज का पहला स्मार्टफोन है, जिसमें फ्लैगशिप Snapdragon 8-सीरीज चिपसेट दिया गया है. भले ही यह चिपसेट सेगमेंट का सबसे नया या सबसे पावरफुल न हो, लेकिन डेली यूज के लिए इसे अच्छी तरह ऑप्टिमाइज किया गया है. रोजमर्रा के इस्तेमाल में फोन स्मूद परफॉर्म करेगा. मल्टीटास्किंग के दौरान कोई बड़ी दिक्कत नहीं आएगी, ऐप्स तेजी से खुलेंगे और कैज़ुअल गेमिंग बिना ज्यादा थ्रॉटलिंग के आराम से चलेगी.
हालांकि, बेंचमार्क स्कोर के मामले में यह OnePlus 13s जैसे कुछ कॉम्पिटिटर्स से थोड़ा पीछे रह सकता है. लेकिन गेमिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें X-axis लीनियर मोटर भी दी गई है, जिससे बेहतर वाइब्रेशन फीडबैक मिलता है. वहीं, परफॉर्मेंस को और मजबूत बनाने के लिए इसमें LPDDR5X रैम और UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है, जिससे ऐप्स लगभग तुरंत खुलते हैं और बड़ी फाइल्स का ट्रांसफर भी काफी तेजि से होता है.
दमदार बैटरी लाइफ
Vivo V70 Elite में 6500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो इसे X200 FE और OnePlus 13s जैसे कॉम्पिटिटर्स से आगे रखती है. यह बैटरी मिक्स्ड यूज जैसे वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग और 4K रिकॉर्डिंग के दौरान भी आराम से पूरा दिन निकाल सकता है. साथ ही, इसमें 90W FlashCharge सपोर्ट मिलता है. बॉक्स में साथ में चार्जर मिलेगा, जो सिर्फ 47 मिनट में फोन को 20% से 100% तक चार्ज कर सकता है.
दमदार पोर्ट्रेट और टेलीफोटो कैमरा
Vivo V70 Elite में ZEISS के साथ मिलकर तैयार किया गया पावरफुल कैमरा सेटअप मिलेगा. इसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर और 50MP का 3x टेलीफोटो सेंसर दिया गया है. दोनों बड़े सेंसर OIS सपोर्ट के साथ आते हैं, जिससे फोटो शार्प, डिटेल्ड और बेहतर कंट्रास्ट के साथ कैप्चर होती हैं, खासकर दिन की रोशनी में. साथ ही नाइट मोड में बैलेंस व रियलिस्टिक इमेज कैप्चर करता है. 50MP का फ्रंट कैमरा भी कमाल का है. यह नैचुरल स्किन टोन और सही एक्सपोजर के साथ सेल्फी लेता है, बिना ज्यादा प्रोसेसिंग के.
वीडियो रिकॉर्डिंग के मामले में भी यह फोन पीछे नहीं है. सभी कैमरों से 4K 60fps रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलता है, जिससे स्मूद और हाई-क्वालिटी वीडियो कैप्चर किए जा सकते हैं. साथ ही ZEISS के अलग-अलग कलर प्रोफाइल और शूटिंग मोड्स की मदद से यूजर अपनी पसंद के अनुसार फोटो और वीडियो को कस्टमाइज कर सकते हैं.
नहीं खरीदने के कारण
स्टैंडर्ड मॉडल से बड़ा अपग्रेड नहीं
Vivo V70 Elite और स्टैंडर्ड Vivo V70 के बीच फर्क उतना बड़ा नहीं है, जितना नाम से लगता है. प्रोसेसर को छोड़ दें तो दोनों फोन का डिजाइन, डिस्प्ले, बैटरी और कैमरा हार्डवेयर काफी हद तक एक जैसे हैं. इसलिए दोनों के बीच का अंतर बहुत ज्यादा नहीं दिखता.
भारत में स्टैंडर्ड V70 की शुरुआती कीमत 45,999 रुपये है, जो Elite मॉडल से काफी कम है. अगर आपको Snapdragon 8s Gen 3 की एक्स्ट्रा पावर की खास जरूरत नहीं है और आप Snapdragon 7s Gen 4 से भी काम चला सकते हैं, तो रेगुलर V70 ज्यादा वैल्यू फॉर मनी ऑप्शन साबित हो सकता है.
अल्ट्रावाइड कैमरा एवरेज
Vivo V70 Elite में ZEISS का अल्ट्रावाइड लेंस दिया गया है, जिससे आप वाइड एंगल में ज्यादा बड़ा सीन कैप्चर कर सकते हैं. इस प्राइस रेंज में हर फोन में अल्ट्रावाइड कैमरा नहीं मिलता, इसलिए यह एक प्लस पॉइंट है. हालांकि, यह कैमरा प्राइमरी और टेलीफोटो सेंसर जितना दमदार नहीं है. इसमें 8MP का सेंसर दिया गया है, जिसकी वजह से इमेजेस में डिटेल थोड़ी कम और डायनामिक रेंज लिमिटेड नजर आती है. फिर भी, नॉर्मल और कैज़ुअल फोटोग्राफी के लिए इसकी परफॉर्मेंस ठीक-ठाक कही जा सकती है.
प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स: थोड़ा क्लटर महसूस हो सकता है
Vivo V70 Elite में बॉक्स से ही लेटेस्ट OriginOS 6 मिलता है. यह सॉफ्टवेयर फीचर-रिच है और कस्टमाइजेशन के कई ऑप्शन देता है, जिससे यूजर अपने हिसाब से फोन को सेट कर सकते हैं. लेकिन एक कमी यह है कि फोन में कई प्री-इंस्टॉल्ड थर्ड-पार्टी ऐप्स पहले से मौजूद मिलते हैं. भले ही ये पॉपुलर ऐप्स हों, लेकिन इससे इंटरफेस थोड़ा भरा-भरा और क्लटर वाला लग सकता है, खासकर इस प्राइस रेंज के फोन में.
हालांकि, सेटअप के बाद इन ऐप्स को हटाया जा सकता है और इंटरफेस को काफी हद तक साफ किया जा सकता है. अगर आपको यह बात ज्यादा परेशान नहीं करती, तो Vivo V70 Elite अब भी एक अच्छा ऑप्शन है.
अच्छी बात यह है कि कंपनी ने कम से कम 5 बड़े OS अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है. उम्मीद है कि आने वाले अपडेट्स के साथ सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस और भी बेहतर और क्लीन हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: Vivo X300 Review: कैमरा इतना दमदार कि DSLR भी पड़ जाए फीका, 200MP कैमरे देगा हर शॉट परफेक्ट
