वायरलेस ऑडियो मार्केट में अपनी अलग पहचान बनाने वाली Nothing ने अपने नए CMF Clip Pro ईयरबड्स लॉन्च कर दिए हैं. यह कंपनी के पहले क्लिप-स्टाइल ईयरबड्स हैं, जो पारंपरिक इन-ईयर डिजाइन से अलग अनुभव देने के लिए तैयार किए गए हैं. इनकी सबसे बड़ी खासियत चार्जिंग केस पर दिया गया Smart Dial है, जिसकी मदद से यूजर्स बिना फोन निकाले ही वॉल्यूम कंट्रोल, म्यूजिक प्लेबैक, कॉल मैनेजमेंट और पेयरिंग जैसे कई काम कर सकते हैं. कंपनी ने इन ईयरबड्स को उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो आरामदायक फिटिंग के साथ स्मार्ट कंट्रोल और लंबी बैटरी लाइफ चाहते हैं.
Smart Dial से मिलेगा नया कंट्रोल एक्सपीरियंस
CMF Clip Pro का चार्जिंग केस बाकी TWS ईयरबड्स से अलग नजर आता है. इसमें एक रोटेटिंग Smart Dial दिया गया है, जो केवल डिजाइन का हिस्सा नहीं बल्कि एक फंक्शनल कंट्रोलर भी है. इसकी मदद से वॉल्यूम बढ़ाना या कम करना, गाने बदलना, कॉल रिसीव करना और ब्लूटूथ पेयरिंग मोड शुरू करना आसान हो जाता है.
नथिंग के नए ईयरबड्स में फिजिकल टैक्टाइल बटन भी दिए गए हैं, जिन्हें दस्ताने पहनकर भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. यह फीचर खासतौर पर बाइक राइडर्स और आउटडोर यूजर्स के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.
दमदार ऑडियो और लंबी बैटरी
Nothing ने CMF Clip Pro में 10.8mm ड्राइवर दिए हैं, जो Ultra Bass Technology के साथ आते हैं. कंपनी का दावा है कि ये ईयरबड्स गहरा बास और संतुलित साउंड आउटपुट देते हैं.
बैटरी की बात करें तो हर ईयरबड में 60mAh बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 10 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक और 6.5 घंटे तक कॉलिंग का साथ देती है. वहीं चार्जिंग केस में 475mAh बैटरी मिलती है. फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मौजूद है, जिससे सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में करीब 4 घंटे का म्यूजिक प्लेबैक मिल सकता है.
कनेक्टिविटी और अन्य फीचर्स
CMF Clip Pro में Bluetooth 5.4 सपोर्ट दिया गया है. इसके साथ LDAC, AAC और SBC ऑडियो कोडेक्स का सपोर्ट मिलता है. यूजर्स एक साथ दो डिवाइस से कनेक्ट कर सकते हैं. Google Fast Pair और Microsoft Swift Pair जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे पेयरिंग प्रक्रिया काफी आसान हो जाती है.
बेहतर कॉल क्वाॅलिटी के लिए इनमें चार माइक्रोफोन और Clear Voice Technology दी गई है. गेमिंग पसंद करने वाले यूजर्स के लिए Low Latency Mode भी मौजूद है.
डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस के साथ हल्का डिजाइन
ईयरबड्स को IP54 रेटिंग मिली है, जिससे ये धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षित रहते हैं. वहीं चार्जिंग केस IPX2 रेटिंग के साथ आता है. हर ईयरबड का वजन केवल 5.92 ग्राम है, जबकि पूरा केस 38.81 ग्राम का है, जिससे इन्हें लंबे समय तक पहनना आरामदायक रहता है.
कीमत और उपलब्धता
Nothing ने CMF Clip Pro को अमेरिका में 99 डॉलर और ब्रिटेन में 79 पाउंड की कीमत पर लॉन्च किया है. अमेरिका और यूके में इसकी बिक्री 15 अगस्त से शुरू होगी, जबकि यूरोप और अन्य वैश्विक बाजारों में यह 15 सितंबर से उपलब्ध होगा. लॉन्च के समय इसे Dark Grey, Light Grey और Coral कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. अमेरिका में प्री-ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को शुरुआती ऑफर के तहत यह 79 डॉलर में मिलेगा.
ये भी पढ़ें: गेमिंग से कॉलिंग तक, ₹2000 से कम में मिल रहे ये दमदार ईयरबड्स
ये भी पढ़ें: एक बढ़िया ईयरबड्स लेते समय क्या-क्या देखें? पैसे खर्च करने से पहले जरूर जानें
