Motorola ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन Motorola Signature लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसे एक स्टाइलिश और प्रीमियम फोन के तौर पर मार्केट में उतारा है. दमदार हार्डवेयर और किफायती कीमत की वजह से इसकी सीधी टक्कर OnePlus 15 से मानी जा रही है. बता दें कि OnePlus 15 को पिछले साल नवंबर में लॉन्च किया गया था. लेकिन अब बड़ा सवाल यही है कि क्या Motorola Signature, OnePlus 15 की रॉ पावर और लंबी बैटरी लाइफ को टक्कर दे पाएगा? चलिए, स्पेसिफिकेशन, फीचर्स और कीमत के बेस्ड पर इन दोनों फोन्स की आसान और सीधी तुलना करके जानते हैं कि किसमें है ज्यादा दम.
डिस्प्ले
अगर डिस्प्ले की बात करें तो Motorola Signature और OnePlus 15, दोनों ही इस मामले में काफी दमदार नजर आते हैं. Motorola Signature में आपको 6.8-इंच का LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 6,200 निट्स तक जाती है, यानी धूप में भी स्क्रीन साफ दिखेगी.
वहीं OnePlus 15 में थोड़ा छोटा, 6.78-इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो यहां भी 165Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसकी ब्राइटनेस करीब 1,800 निट्स तक जाती है, लेकिन खास बात है इसका अलग Touch Response Chip, जो टच को और ज्यादा फास्ट और स्मूद बना देता है. गेमिंग और फटाफट रिस्पॉन्स पसंद करने वालों के लिए ये एक बड़ा प्लस पॉइंट हो सकता है.
प्रोसेसर और परफॉरमेंस
अगर प्रोसेसर और परफॉर्मेंस की बात करें, तो Motorola Signature में Qualcomm का Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट मिलता है. कंपनी का दावा है कि ये फोन AnTuTu में 30 लाख से ज्यादा का स्कोर निकाल सकता है. इसके साथ आपको 16GB तक की RAM और ArcticMesh कूलिंग सिस्टम मिलता है, जिससे हैवी यूज या गेमिंग के दौरान भी परफॉर्मेंस स्टेबल बनी रहती है.
वहीं OnePlus 15 इस मामले में थोड़ा आगे निकलता दिखता है. इसमें और भी पावरफुल Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है, जो CPU और GPU दोनों के मामले में ज्यादा दमदार है. इसका फायदा ये होता है कि फोन ना सिर्फ तेज चलता है, बल्कि मल्टीटास्किंग और हैवी कामों में भी स्मूद और ज्यादा एफिशिएंट फील देता है.
कैमरा
कैमरे की बात करें तो दोनों ही फोन इस मामले में काफी दमदार हैं. Motorola Signature में क्वाड कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50MP का Sony Lytia 828 प्राइमरी सेंसर, 50MP का अल्ट्रा-वाइड, 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो और 50MP का फ्रंट कैमरा शामिल है. खास बात इसकी 3.5-डिग्री ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन है, जिससे फोटो और वीडियो दोनों ज्यादा स्टेबल आते हैं.
वहीं OnePlus 15 में ट्रिपल 50MP का रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसके साथ 32MP का सेल्फी कैमरा मिलता है. इसमें कंपनी का Detail Max सिस्टम है, जो तस्वीरों में ज्यादा शार्पनेस और डिटेल्स लाने का काम करता है. अच्छी बात ये है कि दोनों ही फोन 8K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं, यानी कंटेंट क्रिएटर्स के लिए दोनों ही अच्छे ऑप्शन हैं.
बैटरी
अब आ जाते हैं बैटरी पर. OnePlus 15 साफ तौर पर आगे निकल जाता है. इसमें 7,300mAh की बड़ी बैटरी मिलती है, जो 120W फास्ट वायर्ड चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है. मतलब एक बार चार्ज करने के बाद पूरे दिन या कभी-कभी दो दिन तक भी टेंशन नहीं.
वहीं Motorola Signature में 5,200mAh की बैटरी दी गई है, जिसमें 90W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग मिलती है. चार्जिंग अच्छी है, लेकिन बैटरी साइज के मामले में OnePlus 15 साफ तौर पर इसे पीछे छोड़ देता है.
कीमत
अगर कीमत की बात करें, तो यहां Motorola Signature साफ तौर पर आगे निकल जाता है. इसका 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 59,999 रुपये से शुरू होता है, जबकि इसी कॉन्फिगरेशन में OnePlus 15 की शुरुआती कीमत 72,999 रुपये है.
कौन है ज्यादा दमदार?
फीचर्स की बात करें तो Motorola Signature डिजाइन, डिस्प्ले की ब्राइटनेस और किफायती कीमत के मामले में बेहतर साबित होता है. ये उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है जो हल्का-फुल्का फ्लैगशिप फोन चाहते हैं, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल में बढ़िया परफॉर्म करे.
वहीं OnePlus 15 बैटरी बैकअप, दमदार परफॉर्मेंस और ढेर सारे AI फीचर्स के मामले में बाजी मार लेता है. कुल मिलाकर, अगर आपका बजट थोड़ा टाइट है तो Motorola Signature ज्यादा समझदारी वाला चुनाव हो सकता है, और अगर आपको टॉप-लेवल परफॉर्मेंस चाहिए तो OnePlus 15 आपकी पसंद बन सकता है.
यह भी पढ़ें: Redmi Note 15 5G vs OnePlus Nord CE 5: 25 हजार के सेगमेंट में कौन ज्यादा पावरफुल? देखें फुल कंपैरिजन
