चाइनीज टेक कंपनी Motorola ने आज अपना नया फ्लैगशिप मॉडल Motorola Edge 70 Pro+ भारत में लॉन्च कर दिया है. Edge 70 सीरीज का यह सबसे प्रीमियम मॉडल माना जा रहा है. सीरीज में इसे Edge 70 Pro के ऊपर पोजीशन किया गया है. इस मॉडल की खासियत इसमें मिलने वाला टेलीफोटो कैमरा है. साथ ही इसमें बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग भी दी गई है.
Motorola Edge 70 Pro+ की कीमत और उपलब्धता
Motorola Edge 70 Pro+ को कंपनी ने सिंगल वेरिएंट 12GB RAM और 256GB स्टोरेज में लॉन्च किया है. इसकी कीमत 47,999 रुपये रखी गई है. हालांकि, कंपनी इस मॉडल पर लॉन्च ऑफर भी दे रही है, जिसके तहत ग्राहक 3000 रुपये तक का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और आसान EMI ऑपशंस का फायदा उठा सकते हैं.इस स्मार्टफोन में आपको Pantone Zinfandel, Pantone Stormy Sea और Pantone Chicory Coffee कलर ऑप्शन मिलेगा. मॉडल की सेल 11 जून से शुरू होने वाली है. इसे ग्राहक मोटोरोला के ऑफिशियल साइट के अलावा Flipkart और प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर से खरीद सकते हैं.
कैसा है डिस्प्ले और कैमरा?
Motorola Edge 70 Pro+ में 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स पीक ब्राइटनेस सपोर्ट के साथ 6.8 इंच का 1.5K Extreme AMOLED डिस्प्ले दिया गया है. स्क्रीन पर Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन दिया जाएगा.
फोटोग्राफी के लिए, Motorola Edge 70 Pro+ के बैक पैनल में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50MP Sony LYT-710 प्राइमरी सेंसर, 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल है, जो 3.5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है. वहीं, फ्रंट में भी 50MP का ऑटोफोकस कैमरा सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए दिया गया है.
इसके अलावा, स्मार्टफोन AI Super Zoom Pro के जरिए 50x तक जूम सपोर्ट करता है. कैमरा सिस्टम 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग, HDR वीडियो, ऑटो मैक्रो विजन और AI-बेस्ड लो-लाइट फोटोग्राफी जैसी सुविधाओं से लैस है.
परफॉर्मेंस और बैटरी
परफॉर्मेंस के लिए स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज का सपोर्ट दिया गया है, जिससे फास्ट और स्मूद परफॉर्मेंस का एक्सपीरियंस मिलेगा. हीट मैनेजमेंट के लिए फोन में 4600mm² वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है. यह मॉडल Android 16 पर बेस्ड ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा. साथ ही इसमें कंपनी 3 साल तक का Android OS अपग्रेड और 5 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है.
मॉडल में 90W फास्ट वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट के साथ 6500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. इसमें 15W वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह बैटरी एक दिन से ज्यादा का बैकअप दे सकता है.
ड्यूरेबिलिटी और अन्य फीचर्स
मॉडल IP68 और IP69 रेटिंग से लैस है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहेगा. इसके अलावा, इसमें MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी भी दिया गया है, जिससे फोन के गिरने पर भी फोन को ज्यादा नुकसान नहीं होगा.
ऑडियो के लिए डिवाइस में Dolby Atmos, Hi-Res Audio और Spatial Audio सपोर्ट दिया गया है, जो यूजर्स को शानदार और इमर्सिव साउंड एक्सपीरियंस ऑफर करेगा.
यह भी पढ़ें: ₹11999 में आया नया बजट 5G फोन, मिलेगी 6000mAh की बैटरी और स्मूद डिस्प्ले
