iPhone 17e और Pixel 10a अपने-अपने इकोसिस्टम iOS और Android के एंट्री पॉइंट स्मार्टफोन्स हैं. एक की कीमत ₹64,900 है, तो दूसरा ₹49,999 में आता है. यानी दोनों के बीच सिर्फ ₹15,000 का फर्क है. इतने पैसे में आप अच्छे वायरलेस ईयरबड्स खरीद सकते हैं. लेकिन यहां सवाल यह है कि क्या यह कीमत का अंतर वाकई सही है या फिर सच में Pixel बेहतर वैल्यू देता है. यहां दोनों मॉडल्स के स्पेसिफिकेशन के बीच कंपेरिजन दिया गया है, जो आपके कन्फ्यूजन को दूर कर सकता है.
iPhone 17e vs Pixel 10a: डिजाइन
iPhone 17e का डिजाइन काफी हद तक पिछले मॉडल जैसा ही है. फ्लैट एजेस, नॉच और प्रीमियम बिल्ड इसे क्लासिक Apple लुक देते हैं. यह हल्का और पतला है, साथ ही Ceramic Shield 2 के साथ बेहतर प्रोटेक्शन मिलता है. यह Black, White और Soft Pink जैसे सिंपल और क्लासिक कलर ऑप्शन्स में आता है.
वहीं Pixel 10a आईफोन 17e के मुकाबले थोड़ा मोटा और भारी है, लेकिन इसका फ्लश कैमरा मॉड्यूल और यूनिक कलर ऑप्शन्स इसे ज्यादा मॉडर्न और अलग लुक देते हैं. साथ ही Obsidian, Fog, Berry और Lavender जैसे कलर ऑप्शन्स इसे ज्यादा स्टाइलिश बनाते हैं.
ऐसे में देखा जाए तो, iPhone 17e जहां क्लासिक और प्रीमियम डिजाइन देता है, वहीं Pixel 10a थोड़ा ज्यादा अलग, फ्रेश और कलरफुल लुक के साथ आता है.
iPhone 17e vs Pixel 10a: डिस्प्ले
डिस्प्ले के मामले में Pixel 10a थोड़ा बेहतर है. इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रीन बहुत स्मूद चलती है. साथ ही यह ज्यादा ब्राइट है, इसलिए धूप में भी आसानी से दिखता है.
वहीं iPhone 17e में 60Hz डिस्प्ले है, जो आज के समय में थोड़ा कम लगता है. स्क्रॉल करते वक्त यह फर्क साफ दिखता है. दोनों में OLED स्क्रीन है, इसलिए कलर अच्छे हैं, लेकिन Pixel ज्यादा स्मूद और ब्राइट एक्सपीरियंस देता है.
iPhone 17e vs Pixel 10a: परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस में iPhone 17e आगे है. इसका A19 चिप ज्यादा पावरफुल है और बेंचमार्क्स में लगभग दोगुना स्कोर करता है, जिससे गेमिंग और भारी काम आसानी से हो जाते हैं. वहीं Pixel 10a का Tensor G4 उतना पावरफुल नहीं है, लेकिन नॉर्मल इस्तेमाल जैसे ऐप चलाना, सोशल मीडिया या हल्की गेमिंग में कोई दिक्कत नहीं आती.
हालांकि जहां Pixel आगे निकलता है, वो है AI फीचर्स. Call Screening, Magic Editor, Best Take और Audio Magic Eraser जैसे फीचर्स काफी काम के हैं और रोजमर्रा में फर्क डालते हैं. साथ ही यह Android 16 पर बेस्ड Pixel UI पर काम करता है, जिसमें 7 साल तक अपडेट्स मिलेंगे. वहीं दूसरी तरफ, iPhone 17e iOS 26 के साथ आता है, जो काफी स्मूद और भरोसेमंद है. अगर आप Apple इकोसिस्टम में हैं, तो इसका एक्सपीरियंस और भी बेहतर हो जाता है.
iPhone 17e vs Pixel 10a: कैमरा
कैमरा के मामले में दोनों फोन अच्छे हैं, लेकिन Pixel 10a थोड़ा ज्यादा काम का है. iPhone 17e में सिर्फ 48MP का सिंगल कैमरा मिलता है, जबकि Pixel 10a में 48MP मेन कैमरा के साथ 13MP अल्ट्रावाइड भी दिया गया है. इसका फायदा यह है कि ग्रुप फोटो, लैंडस्केप या टाइट जगहों में Pixel ज्यादा अच्छा काम करता है.
दिन की रोशनी में दोनों फोन अच्छी फोटो लेते हैं. iPhone फोटो को थोड़ा ब्राइट बनाता है, जो सीधे सोशल मीडिया पर डालने के लिए बढ़िया लगता है. वहीं Pixel फोटो को थोड़ा नेचुरल और शार्प रखता है.
पोर्ट्रेट फोटो में Pixel 10a आगे है, क्योंकि यह स्किन टोन और डिटेल को ज्यादा नेचुरल तरीके से दिखाता है. साथ ही लो-लाइट में भी Pixel बेहतर है. यह लाइट को अच्छे से कंट्रोल करता है और फोटो ज्यादा बैलेंस्ड आती है. वहीं iPhone में कभी-कभी ज्यादा ब्राइट लाइट फैल जाती है.
iPhone 17e vs Pixel 10a: बैटरी और चार्जिंग
बैटरी के मामले में Pixel 10a थोड़ा आगे नजर आता है. इसमें 5100mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. अगर आप ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो भी यह आराम से पूरा दिन निकाल देता है, और हल्के यूज में डेढ़ से दो दिन तक चल सकता है. इसमें 30W वायर्ड चार्जिंग, 10W वायरलेस चार्जिंग और बायपास चार्जिंग मिलती है, जो खासकर गेमिंग के दौरान काम आती है. फोन को फुल चार्ज होने में करीब 1 घंटा 43 मिनट लगते हैं.
वहीं iPhone 17e में 4005mAh की बैटरी है, जो लगभग 19 घंटे तक चलती है. यह भी पूरे दिन के लिए काफी है, लेकिन Pixel जितनी लंबी बैटरी लाइफ नहीं देती. इसमें MagSafe और 15W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है, जो रोजमर्रा में काफी सुविधाजनक है. फुल चार्ज होने में करीब 1 घंटा 30 मिनट लगते हैं, यानी यह Pixel से थोड़ा जल्दी चार्ज हो जाता है.
कौन सा है सही?
सीधी बात करें तो Pixel 10a कई मामलों में आगे है. इसमें बेहतर डिस्प्ले, ज्यादा काम का कैमरा सेटअप, लंबी बैटरी लाइफ, ज्यादा सॉफ्टवेयर सपोर्ट और कम कीमत मिलती है. इसलिए वैल्यू के हिसाब से यह ज्यादा समझदारी वाला ऑप्शन है.
वहीं iPhone 17e अपनी जगह मजबूत है. इसमें ज्यादा पावरफुल परफॉर्मेंस, बेहतर बिल्ड क्वालिटी और Apple इकोसिस्टम का फायदा मिलता है. यही वजह है कि इसके लिए आपको 15,000 रुपये ज्यादा देने पड़ते हैं.
ऐसे में अगर आप पहले से Apple के प्रोडक्ट्स इस्तेमाल कर रहे हैं, तो iPhone 17e लेना सही रहेगा, क्योंकि इसका एक्सपीरियंस काफी स्मूद और कनेक्टेड होता है. लेकिन अगर आप नया फोन लेने जा रहे हैं और पैसे के हिसाब से ज्यादा फीचर्स चाहते हैं, तो Pixel 10a एक बेहतर और समझदारी भरा ऑप्शन साबित होता है.
यह भी पढ़ें: Redmi 15A 5G vs iQOO Z11x 5G: ₹20 हजार से कम में कौन सा फोन है आपके लिए बेस्ट?