फ्लाइट से ट्रैवल करते समय सबसे ज्यादा टेंशन तब होती है, जब एयरपोर्ट पर पहुंचकर पता चलता है कि आपका बैग कहीं खो गया है. कई बार यात्रियों को अपने सामान के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है या एयरलाइन से बार-बार कॉन्टैक्ट करना पड़ता है. ऐसे में अब इसी परेशानी को कम करने के लिए Google ने एक नया स्मार्ट फीचर लॉन्च किया है, जिससे आप अपने खोए हुए बैग की लोकेशन सीधे एयरलाइन के साथ शेयर कर सकते हैं. इससे बैग ढूंढना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
क्या है नया फीचर?
Google ने यात्रियों के बैग खोने की बड़ी परेशानी को ध्यान में रखते हुए अपने Find Hub ऐप में एक नया फीचर एड किया है. इस फीचर की मदद से अगर किसी यात्री का बैग या सामान खो जाता है, तो वह उसकी लोकेशन सीधे एयरलाइन के साथ शेयर कर सकता है. इससे एयरलाइन को बैग की सही लोकेशन पता लगाने में आसानी होगी और सामान जल्दी मिलने के चांसेज भी बढ़ जाएंगे.
कैसे काम करता है यह नया फीचर?
Find Hub ऐप में “Share Item Location” नाम का एक टूल दिया गया है. जब आपका बैग खो जाता है, तो यह फीचर एक सुरक्षित लिंक तैयार करता है. इस लिंक के जरिए एयरलाइन आपके बैग की रियल-टाइम लोकेशन देख सकती है. सबसे खास बात यह है कि इस प्रोसेस में आपको अपने फोन या अकाउंट एक्सेस किसी को देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एयरलाइन केवल उस बैग की लोकेशन ही देख पाएगी.
बैग ट्रैक करने के लिए क्या जरूरी है?
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपके पास कुछ जरूरी चीजें होनी चाहिए. सबसे पहले एक Android स्मार्टफोन, जिसमें Find Hub ऐप इंस्टॉल हो. इसके अलावा आपके बैग या सूटकेस में Find Hub-compatible ट्रैकर टैग लगा होना जरूरी है, ताकि बैग की लोकेशन ट्रैक की जा सके. साथ ही ऐसी एयरलाइन का होना भी जरूरी है जो इस फीचर को सपोर्ट करती हो. वहीं, अब कुछ Samsonite सूटकेस ऐसे भी हैं, जिसमें यह टेक्नोलॉजी पहले से ही दी जा रही है, जिससे उन्हें डायरेक्ट Find Hub नेटवर्क से कनेक्ट किया जा सकता है.
ऐसे शेयर करें अपने बैग की लोकेशन
अगर आपका बैग खो जाता है, तो Find Hub ऐप में ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:
- Find Hub ऐप ओपन करें और खोए हुए बैग पर क्लिक करें.
- Share Item Location के ऑप्शन पर क्लिक करें और एक सुरक्षित लिंक रेडी करें.
- इस लिंक को कॉपी करके एयरलाइन के ऐप या वेबसाइट में पेस्ट करें.
- चाहें तो आप कभी भी एक्सेस हटा सकते हैं या लिंक अपने-आप एक्सपायर हो जाएगा.
जब आपका फोन यह आइडेंटिफाई कर लेता है, कि बैग फिर से आपके पास आ गया है, तो लोकेशन शेयरिंग अपने-आप बंद हो जाती है.
कौन-कौन सी एयरलाइंस कर रही है इस फीचर को सपोर्ट?
Google ने इस फीचर के लिए कई बड़ी इंटरनेशनल एयरलाइंस के साथ पार्टनरशिप की है. इनमें शामिल हैं:
- Air India
- Lufthansa Group
- Turkish Airlines
- Saudia Airlines
- Scandinavian Airlines
- China Airlines
- AJet
- इसके अलावा Qantas जैसी कुछ एयरलाइंस में भी यह फीचर जल्द शुरू होने वाला है.
प्राइवेसी और सिक्योरिटी का भी खास ध्यान
Google का कहना है कि इस फीचर को बनाते समय यूजर की प्राइवेसी पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया गया है. ऐसे में इस फीचर को इस्तेमाल करने पर यूजर का लोकेशन डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रहेगा. लिंक किसे देना है, यह फैसला यूजर का होगा. लिंक 7 दिन बाद अपने-आप एक्सपायर हो जाएगा और बैग मिलने पर शेयरिंग अपने-आप बंद हो जाएगी.
यह भी पढ़ें: 7 साल तक पुराना नहीं होगा गूगल का यह फोन, मिल रहा 10 हजार रुपये सस्ता
