Google ने अपने खास वर्चुअल इवेंट The Android Show: I/O Edition की तारीख का ऐलान कर दिया है. कंपनी ने बताया कि यह इवेंट 12 मई को होगा और भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे शुरू होगा. यह पूरी तरह वर्चुअल इवेंट होगा, जिसमें Google आने वाले Android 17 से जुड़े कई बड़े अपडेट्स और नई टेक्नोलॉजी की झलक दिखा सकता है.
गूगल ने शेयर किया टीजर
कंपनी का कहना है कि Android के लिए यह साल काफी बड़ा रहने वाला है, हालांकि फिलहाल Google ने Android 17 के नए फीचर्स की ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की है. कंपनी ने यूट्यूब पर सिर्फ इवेंट का एक टीजर वीडियो जारी किया है, जिसमें टाइम और डेट रिवील की गई है.
Android 17 के डेवलपमेंट में दिखी तेजी
इस बार Google ने Android 17 के डेवलपमेंट साइकल को पहले के मुकाबले जल्दी शुरू कर दिया था. कंपनी फरवरी में ही पहले और दूसरे बीटा अपडेट जारी कर चुकी थी. इसके बाद मार्च में तीसरा और अप्रैल में चौथा बीटा अपडेट रोलआउट किया गया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Android 17 में बड़े डिजाइन बदलावों की बजाय परफॉर्मेंस ऑप्टिमाइजेशन और स्मूद यूजर एक्सपीरियंस पर ज्यादा फोकस किया गया है. यानी यूजर्स को ज्यादा फास्ट, स्टेबल और बेहतर Android एक्सपीरियंस मिल सकता है.
मिल सकते हैं ये नये फीचर्स
Android 17 में परमिशन मैनेजमेंट, नोटिफिकेशन और क्विक सेटिंग्स में कई सुधार देखने को मिल सकते हैं. खास तौर पर Notification Rules फीचर में यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स और कॉन्टैक्ट्स के लिए कस्टम नोटिफिकेशन रूल सेट करने की सुविधा मिल सकती है.
इसके अलावा नया Universal App Bubbles फीचर ऐप्स को फ्लोटिंग विंडो में बदल देगा, जिससे मल्टीटास्किंग करना और आसान हो जाएगा.
बीटा अपडेट्स में नये Hub Mode for Widgets, बेहतर Cross-Device Compatibility, प्राइवेसी फोकस्ड Contact Access और नया Screen Recording इंटरफेस भी देखने को मिला है. साथ ही Android 17 में ChromeOS के साथ और बेहतर इंटीग्रेशन मिलने की भी चर्चा है.
अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी होगी चर्चा
The Android Show के दौरान Google Android Auto, Wear OS, Android XR और Android TV से जुड़े नये फीचर्स और अपडेट्स की जानकारी भी दे सकता है. उम्मीद है कि कंपनी इस इवेंट में यह भी बताएगी कि नये फीचर्स यूजर्स के डिवाइसेज तक कब पहुंचेंगे.
यह भी पढ़ें: Google से Palantir पहुंचीं अनु शर्मा, जानें कौन हैं ये ट्रेंडिंग टेक प्रोफेशनल
