नया स्मार्टफोन खरीदते समय ज्यादातर लोग कैमरा, प्रोसेसर और बैटरी पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन RAM को लेकर अक्सर कन्फ्यूज रहते हैं. बाजार में अब 8GB RAM और 12GB RAM वाले स्मार्टफोन तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं. ऐसे में कई खरीदारों के मन में सवाल होता है कि क्या 12GB RAM के लिए ज्यादा पैसे खर्च करना वाकई जरूरी है या फिर 8GB RAM ही उनकी जरूरतों के लिए काफी है. अगर आप भी नया फोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो पहले यह समझना जरूरी है कि आपकी जरूरत के हिसाब से दोनों RAM ऑप्शन में कौन-सा ऑप्शन आपकी जरूरत के हिसाब से बेहतर रहेगा.
RAM का काम क्या होता है?
सबसे पहले जानते हैं, RAM का काम स्मार्टफोन में होता क्या है. RAM का पूरा नाम Random Access Memory है और यह फोन की वह मेमोरी है, जो ऐप्स और सिस्टम प्रोसेस को टेंपरेरी स्टोर करती है. जितनी ज्यादा RAM होगी, फोन उतने ज्यादा ऐप्स को बैकग्राउंड में बिना रीलोड किए संभाल सकेगा और मल्टीटास्किंग बेहतर होगी.
8GB RAM किसके लिए सही है?
अगर आप फोन का इस्तेमाल सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन क्लास, वेब ब्राउजिंग और नॉर्मल गेमिंग के लिए करते हैं, तो 8GB RAM आपके लिए काफी है. आज के Android और iOS सिस्टम 8GB RAM पर काफी स्मूद तरीके से काम करते हैं. BGMI, Call of Duty Mobile और Free Fire MAX जैसे गेम भी 8GB RAM पर आराम से चल जाते हैं. आम यूजर्स को रोजमर्रा के इस्तेमाल में 8GB और 12GB RAM के बीच बहुत बड़ा अंतर महसूस नहीं होगा.
12GB RAM कब फायदेमंद है?
अगर आप हैवी गेमिंग करते हैं, एक साथ कई ऐप्स इस्तेमाल करते हैं, 4K वीडियो एडिटिंग करते हैं या लंबे समय तक फोन को फ्यूचर के लिए तैयार रखना चाहते हैं, तो 12GB RAM बेहतर ऑप्शन हो सकता है. ज्यादा RAM होने से बैकग्राउंड में ज्यादा ऐप्स एक्टिव रहते हैं और ऐप्स को बार-बार रीलोड होने की जरूरत नहीं पड़ती. AI फीचर्स और आने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट्स को देखते हुए भी 12GB RAM फ्यूचर के लिए ज्यादा सुरक्षित ऑप्शन माना जा सकता है.
क्या सिर्फ RAM ही मायने रखती है?
ऐसा नहीं है, कि फोन की परफॉर्मेंस सिर्फ RAM पर निर्भर करती है. प्रोसेसर, स्टोरेज की स्पीड, सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और थर्मल मैनेजमेंट भी जरूरी भूमिका निभाते हैं. कई बार एक अच्छा प्रोसेसर और बेहतर ऑप्टिमाइजेशन वाला 8GB RAM फोन, कमजोर चिपसेट वाले 12GB RAM फोन से बेहतर परफॉर्म कर सकता है.
कौन सा आपके लिए सही है?
अगर आपका बजट सीमित है और आपको फोन का इस्तेमाल रोजमर्रा के कामों के लिए करना है, तो 8GB RAM वाला स्मार्टफोन सबसे बैलेंस्ड और वैल्यू-फॉर-मनी ऑप्शन है. वहीं, पावर यूजर्स, गेमर्स और लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने की प्लानिंग रखने वाले लोगों के लिए 12GB RAM बेहतर ऑप्शन है. नया फोन खरीदने से पहले अपनी जरूरत और बजट को ध्यान में रखकर ही सही RAM ऑप्शन चुनें.
यह भी पढ़ें: 4G सपोर्ट, UPI भी चलेगा और लोकेशन भी होगी ट्रैक, सिर्फ ₹799 में जियो लेकर आई नया फोन
