दार्जिलिंग-कर्सियोंग-कलिम्पोंग में वर्षा का कहर, भू-स्खलन से थमी पहाड़ की रफ्तार, 4 की मौत

Torrential Rain in North Bengal: उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कर्सियोंग और कलिम्पोंग जिलों में लगातार 72 घंटे से हो रही मूसलाधार वर्षा ने तबाही मचा रखी है. भू-स्खलन से पहाड़ की रफ्तार थम गयी है, सड़कें बंद हो गयी हैं और 4 लोगों की मौत हो चुकी है. हजारों पर्यटक फंसे हुए हैं और खाने-पीने के सामान की किल्लत हो गयी है.

Torrential Rain in North Bengal: उत्तर बंगाल में लगातार 72 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने पहाड़ों पर तबाही मचा दी है. दार्जिलिंग, कर्सियोंग और कलिम्पोंग जिले में जगह-जगह भू-स्खलन हो रहे हैं. पहाड़ी रास्ते बंद हैं. बिजली गुल है और मोबाइल नेटवर्क भी ठप हो गया है. इसके चलते पूरा पहाड़ी इलाका का संपर्क बाकी दुनिया से कट-सा गया है. प्रशासन ने अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है. 12 से ज्यादा लोग लापता हैं. इनमें ज्यादातर लोग चाय बागानों में काम करने वाले मजदूर हैं. मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दिये हैं. केंद्रीय गृह मंत्री ने लोगों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है.

मौसम विभाग ने जारी किया था रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 20 जुलाई से ही इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया था. पिछले तीन दिनों में दार्जिलिंग में 340 मिमी, कर्सियोंग में 410 मिमी और कलिम्पोंग में 380 मिमी वर्षा हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि अगले 48 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट रहेगा. इस दौरान पहाड़ों पर 150 से 200 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है. ऐसे में भू-स्खलन का खतरा अभी टला नहीं है.

ये भी पढ़ें: सिक्किम सुरंग हादसे में सभी 25 श्रमिकों की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

सड़कें बदहाल , NH-110 बंद

  • बारिश की वजह से सड़कों की हालत खराब है. दार्जिलिंग की हिलकार्ट रोड पर 6 अलग-अलग जगहों पर मलबा गिरा है.
  • टाइगर हिल के पास करीब 200 मीटर सड़क पूरी तरह बह गयी है.
  • घूम स्टेशन के पास रेल की पटरी पर भी मलबा जमा हो गया है, जिसकी वजह से दार्जिलिंग टॉय ट्रेन सेवा को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है.
  • कर्सियोंग में स्थिति और गंभीर है. NH-110 रोहिणी के पास धंस गयी है, जिससे सिलीगुड़ी से कर्सियोंग का सीधा संपर्क टूट गया है.
  • पंकाबाड़ी रोड पर 3 बड़े भू-स्खलन हुए हैं. वहां 500 से ज्यादा गाड़ियां फंसी हैं.
  • जिला अस्पताल तक एंबुलेंस का पहुंचना भी मुश्किल.

कलिम्पोंग में 4 जगह पर बंद एनएच-10

कलिम्पोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 (NH-10) तीस्ता बाजार के पास 4 जगहों पर बंद है. इससे सिक्किम का संपर्क भी कट गया है. कलिम्पोंग शहर में पिछले 30 घंटे से बिजली नहीं है. लावा और लोलेगांव जाने वाली सड़कों पर मलबा भरा पड़ा है.

ये भी पढ़ें: उत्तर बंगाल भारी 48 घंटे, मौसम विभाग ने जारी किया आफत की बारिश का रेड अलर्ट

जान-माल को नुकसान

जान-माल के नुकसान की बात करें, तो दार्जिलिंग में 2, कर्सियोंग में 1 और कलिम्पोंग में 1 व्यक्ति की मौत हुई है. 25 से ज्यादा लोग घायल हैं. 300 से अधिक कच्चे मकानों में दरारें आ गयीं हैं. 80 घर पूरी तरह ढह गये हैं. कलिम्पोंग के गीटे खुर्द में बुधवार रात 2 बजे पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सीधे घरों पर आ गिरा. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से 3 लोगों को निकाला.

राहत और बचाव में उतरी NDRF और सेना

  • राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है.
  • NDRF की 4 टीमें दार्जिलिंग, कर्सियोंग, कलिम्पोंग और मिरिक में तैनात की गयी हैं.
  • सेना की 2 टुकड़ियां कर्सियोंग और कलिम्पोंग में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.
  • बागडोगरा से 2 हेलीकॉप्टर फंसे हुए पर्यटकों और गंभीर मरीजों को निकालने के लिए स्टैंडबाय पर रखे गये हैं.
  • 18 राहत शिविर बनाये गये हैं, जहां 4000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है.
लोगों की जान बचाना सबसे पहली प्राथमिकता है. फंसे हुए पर्यटकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाये. जिलाधिकारी प्रभावित क्षेत्र के लोगों और वहां के प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहें. -शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

ये भी पढ़ें: भारी बारिश से बंगाल बेहाल, 11 जिलों में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

खाने पीने के सामान की किल्लत

मानसून टूरिज्म के कारण पहाड़ों पर हजारों पर्यटक फंसे हुए हैं. दार्जिलिंग में करीब 8,000 और कलिम्पोंग में 3,000 पर्यटक होटलों में रुके हैं. होटल फुल हैं. खाने-पीने की चीजों की किल्लत हो गयी है. स्थानीय लोगों की भी परेशानी बढ़ने लगी है. चाय बागानों में काम बंद होने से दिहाड़ी मजदूरों के लिए रोजी-रोटी का संकट हो गया है.

मोबाइल टावर क्षतिग्रस्त, इंटरनेट ठप

  • इंटरनेट और मोबाइल टावर क्षतिग्रस्त होने से करीब 40 प्रतिशत इलाकों का संपर्क पूरी तरह कट गया है. BSNL 24 घंटे में नेटवर्क बहाल करने की कोशिश में जुटा है.
  • BRO और PWD की 20 मशीनें NH-10 और NH-110 को खोलने में जुटी हैं.
  • अधिकारियों का कहना है कि सड़कें पूरी तरह खुलने में कम से कम 3 से 4 दिन लग सकते हैं.

25 जुलाई के बाद मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने कहा है कि 25 जुलाई की रात से वर्षा की तीव्रता कम हो सकती है. वर्ष 2023 के भू-स्खलन के बाद इसे मानसून की सबसे बड़ी आपदा मानी जा रही है. सड़क, बिजली, पानी और नेटवर्क तीनों ठप होने से पहाड़ों पर रहने वाले लोगों का जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >